बड़वानी के किसानों और मध्यप्रदेश के कृषि अधिकारियों ने बेंगलुरु में सीखा प्राकृतिक खेती का हुनर
........
श्री श्री इंस्टीट्यूट ऑफ़ एग्रीकल्चरल साइंसेज एंड टेक्नोलॉजी ट्रस्ट द्वारा तीन दिवसीय विशेष प्रशिक्षण संपन्न
बड़वानी 26 सितंबर 2026/कम लागत में टिकाऊ और जहरमुक्त खेती को बढ़ावा देने के उद्देश्य से 'श्री श्री इंस्टीट्यूट ऑफ़ एग्रीकल्चरल साइंसेज एंड टेक्नोलॉजी ट्रस्ट, बेंगलूरु' द्वारा प्राकृतिक कृषि एवं कृषि की उन्नत पद्धतियों पर आधारित तीन दिवसीय विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन 22 सितंबर से 24 सितंबर 2026 तक किया गया।
इस महत्वपूर्ण प्रशिक्षण कार्यक्रम में बड़वानी जिले के 25 प्रगतिशील किसानों ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया।
प्राकृतिक आदानों को तैयार करने का मिला व्यावहारिक ज्ञान
प्रशिक्षण के दौरान विशेषज्ञों द्वारा किसानों को रासायनिक उर्वरकों और कीटनाशकों के विकल्प के रूप में प्राकृतिक खेती के विभिन्न घटकों की विस्तृत जानकारी दी गई। प्रतिभागियों को जीवामृत, बीजामृत, ब्रह्मास्त्र, घनजीवामृत, आग्नेयास्त्र, नीमास्त्र, दशपरणी अर्क, पंचगव्य और एंजाइम घोल बनाने की भौतिक विधियों का सजीव प्रदर्शन कर प्रशिक्षित किया गया।
खेती के साथ मानसिक और शारीरिक स्वास्थ्य पर भी जोर
कार्यक्रम की विशेषता यह रही कि इसमें केवल कृषि तकनीकों तक ही सीमित न रहकर, कृषकों के समग्र विकास पर ध्यान दिया गया। संस्थान द्वारा स्वस्थ जीवन शैली और तनावमुक्त जीवन के लिए विशेष रूप से योगाभ्यास एवं सुदर्शन क्रिया का अभ्यास भी कराया गया।
प्रमाण पत्र वितरण के साथ सकुशल संपन्न हुआ दौरा
प्रशिक्षण के अंतिम दिन सभी सहभागियों को प्राकृतिक खेती के प्रशिक्षण का प्रमाण पत्र वितरित किया गया। तीन दिवसीय इस ज्ञानवर्धक प्रवास के पश्चात सभी कृषक व अधिकारी पूरी तरह संतुष्ट होकर अपने गंतव्य बड़वानी के लिए सुरक्षित रवाना हुए और सकुशल अपने गृहग्राम पहुंच गए।
इस प्रशिक्षण से बड़वानी क्षेत्र में प्राकृतिक खेती को एक नई गति मिलने की उम्मीद है, जिससे किसानों की लागत घटेगी और मिट्टी की उर्वरता सुरक्षित रहेगी।
25 views | Barwani, Madhya Pradesh | Sep 26, 2026