*जिले में पथ निर्माण विभाग की सड़कों एवं निर्माणाधीन परियोजनाओं की जिलाधिकारी ने की विस्तृत समीक्षा गुणवत्ता के साथ निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण हों सभी निर्माण कार्य : जिलाधिकारी*
जिलाधिकारी, मुजफ्फरपुर श्री कुमार गौरव की अध्यक्षता में जिले में पथ निर्माण विभाग के क्षेत्राधीन सड़कों एवं विभिन्न निर्माणाधीन परियोजनाओं की विस्तृत समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले में पथ निर्माण विभाग द्वारा संधारित सड़कों, निर्माणाधीन योजनाओं, अनुरक्षण कार्यों तथा निविदा की प्रगति की बिंदुवार समीक्षा की गई।
समीक्षा के क्रम में कार्यपालक अभियंता, पथ प्रमंडल, मुजफ्फरपुर श्री गणेश जी द्वारा बताया गया कि मुजफ्फरपुर जिले में पथ निर्माण विभाग के दो प्रमंडल कार्यरत हैं। पथ प्रमंडल-1, मुजफ्फरपुर के अंतर्गत तीन अवर प्रमंडलों के क्षेत्राधीन दो राज्य उच्च पथ सहित कुल 54 पथों का संधारण किया जा रहा है, जिनकी कुल लंबाई लगभग 580 किलोमीटर है। वहीं पथ प्रमंडल-2, मुजफ्फरपुर के अंतर्गत दो अवर प्रमंडलों के क्षेत्राधीन कुल 12 पथों का संधारण किया जा रहा है, जिनकी कुल लंबाई लगभग 140 किलोमीटर है।
बैठक में जिले में पथ निर्माण विभाग के अंतर्गत संचालित महत्वपूर्ण निर्माणाधीन परियोजनाओं की भी समीक्षा की गई। इनमें कांटी–रघईघाट–मीनापुर पथ का चौड़ीकरण एवं मजबूतीकरण, चांदनी चौक से बखरी पथ का चौड़ीकरण एवं मजबूतीकरण, माड़ीपुर पावर हाउस चौक से सकरी पथ का नाला सहित सतह नवीकरण तथा मिठनपुरा चौक से इमली चौक तक नाला सहित चौड़ीकरण एवं मजबूतीकरण का कार्य प्रमुख रूप से शामिल है।
जिलाधिकारी श्री कुमार गौरव ने सभी निर्माणाधीन परियोजनाओं की विस्तृत समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों एवं कार्य एजेंसियों को निर्देश दिया कि सभी कार्य निर्धारित मानकों एवं तकनीकी विशिष्टियों के अनुरूप गुणवत्तापूर्ण तरीके से तथा निर्धारित समय-सीमा के भीतर पूर्ण कराना सुनिश्चित करें। उन्होंने निर्माण कार्यों की नियमित निगरानी एवं स्थल निरीक्षण पर भी विशेष बल दिया।
समीक्षा बैठक में उत्तर बिहार पथ अंचल, मुजफ्फरपुर के अधीक्षण अभियंता श्री अंजनी कुमार द्वारा बताया गया कि जिले में राज्य पथ अनुरक्षण नीति के तहत OPRMC-III अंतर्गत सभी पथों को कुल चार पैकेजों—4A, 4B, 4C एवं 5A में विभाजित कर निविदा की कार्रवाई की गई है। निविदा निस्तारण के उपरांत तीन पैकेजों में कार्य एजेंसियों द्वारा कार्य प्रारंभ करने हेतु मोबिलाइजेशन की कार्रवाई की जा चुकी है। वहीं पैकेज 4A में तकनीकी बीड में मात्र एक एजेंसी के सफल होने के कारण एकल निविदा की स्थिति उत्पन्न होने पर इसे पुनर्निविदा (री-टेंडर) किया गया है।
जिलाधिकारी ने अनुरक्षण कार्यों की प्रगति पर संतोष व्यक्त करते हुए निर्देश दिया कि पैकेज 4A की निविदा प्रक्रिया शीघ्र पूर्ण कराते हुए सभी पैकेजों के अंतर्गत अनुरक्षण कार्य अविलंब प्रारंभ कराया जाए, ताकि आगामी त्योहारों से पूर्व जिले के प्रमुख पथों को सुगम, सुरक्षित एवं आवागमन योग्य बनाया जा सके। उन्होंने पथों के अनुरक्षण कार्य में गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं करने का निर्देश दिया।
बैठक में जिला भू-अर्जन पदाधिकारी, पथ निर्माण विभाग की सहायक अभियंता श्रीमती शालिनी, श्री भूपेंद्र राय, श्री किशन कुमार, श्री राकेश गुप्ता, श्री नरेंद्र सिंह सहित कनीय अभियंता श्री ब्रजेश कुमार एवं श्री अभिषेक कुमार उपस्थित थे।
#CMSamrat
#samratchoudhary
CMO Bihar
Information & Public Relations Department, Government of Bihar