मुजफ्फरपुर में राष्ट्रीय पोषण माह का भव्य आगाज, पोषण अभियान में जिला बना राज्य का नंबर-1 | डीएम ने दिलाई पोषण शपथ
मुजफ्फरपुर समाहरणालय सभागार में 9वें राष्ट्रीय पोषण माह के अवसर पर जिला स्तरीय भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जिलाधिकारी कुमार गौरव ने दीप प्रज्ज्वलित कर अभियान की शुरुआत की और बच्चों, किशोर-किशोरियों एवं महिलाओं को कुपोषणमुक्त बनाने के लिए सामूहिक प्रयास पर जोर दिया।
डीएम ने कहा कि कुपोषण का प्रमुख कारण केवल गरीबी नहीं, बल्कि जागरूकता की कमी और व्यवहार संबंधी चुनौतियां भी हैं। स्वच्छता, संतुलित आहार और समाज में व्याप्त कुप्रथाओं के प्रति जागरूकता से पोषण की स्थिति में बड़ा सुधार लाया जा सकता है।
जिलाधिकारी ने पोषण अभियान में मुजफ्फरपुर के राज्य में प्रथम स्थान प्राप्त करने पर खुशी जताते हुए आईसीडीएस के पूरे परिवार—डीपीओ, सीडीपीओ, महिला पर्यवेक्षिका, आंगनबाड़ी सेविका एवं सहायिका—के कार्यों की सराहना की।
कार्यक्रम में आहार विविधता, पर्याप्त प्रोटीन, गर्म पका भोजन, सामुदायिक भागीदारी, बाल विकास, प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना और मुख्यमंत्री कन्या उत्थान योजना समेत विभिन्न विषयों पर स्टॉल लगाए गए। हेल्दी बेबी शो, गोदभराई और अन्नप्राशन कार्यक्रम भी हुए। उत्कृष्ट आंगनबाड़ी सेविकाओं को प्रशस्ति पत्र तथा लाभुकों को योजनाओं का लाभ दिया गया।
डीएम ने कुपोषित बच्चों को चिह्नित कर उनके स्वास्थ्य में सुधार के लिए मिशन मोड में काम करने का निर्देश दिया।
#TirhutNow #Muzaffarpur #PoshanMaah2026 #NutritionMission #KumarGaurav