राष्ट्रीय गोकुल मिशन से पशुपालकों को मिलेगा लाभ, 115 कृत्रिम गर्भाधान मैत्री कार्यकर्ताओं को AI किट का वितरण
भारत सरकार के राष्ट्रीय गोकुल मिशन के अंतर्गत पशु नस्ल सुधार कार्यक्रम को जिले में प्रभावी रूप से लागू करने की दिशा में आज जिला पशुपालन कार्यालय, मुजफ्फरपुर के सभागार में कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में जिला पदाधिकारी, मुजफ्फरपुर श्री कुमार गौरव द्वारा पंचायत स्तर पर स्वरोजगार के उद्देश्य से तीन माह का प्रशिक्षण पूर्ण कर अंतिम रूप से चयनित 115 कृत्रिम गर्भाधान मैत्री कार्यकर्ताओं के बीच कृत्रिम गर्भाधान (AI) किट का वितरण किया गया।
कार्यक्रम में उप विकास आयुक्त, मुजफ्फरपुर एवं पुलिस अधीक्षक, मुजफ्फरपुर की गरिमामयी उपस्थिति रही।
इस अवसर पर जिला पशुपालन पदाधिकारी डाॅ. मनोज कुमार मेहता ने बताया कि चयनित कृत्रिम गर्भाधान मैत्री कार्यकर्ताओं को पशु नस्ल सुधार कार्य के लिए AI स्ट्रॉ, LN2 (लिक्विड नाइट्रोजन) सहित अन्य आवश्यक सामग्री बिहार सरकार द्वारा अनुदानित दर पर उपलब्ध कराई जाएगी। उन्होंने बताया कि प्रत्येक पशु के कृत्रिम गर्भाधान की प्रक्रिया को भारत पशुधन पोर्टल पर अपलोड किए जाने के उपरांत संबंधित मैत्री कार्यकर्ता को 90 रुपये प्रति पशु की दर से पारिश्रमिक देय होगा।
115 युवाओं के लिए स्वरोजगार का अवसर
जिलाधिकारी श्री कुमार गौरव ने कहा कि राष्ट्रीय गोकुल मिशन के माध्यम से जिले के ग्रामीण क्षेत्रों में पशु नस्ल सुधार के साथ-साथ स्थानीय स्तर पर स्वरोजगार के नए अवसरों का सृजन हो रहा है। उन्होंने कहा कि वर्तमान में 115 चयनित मैत्री कार्यकर्ताओं को प्रशिक्षण के उपरांत AI किट उपलब्ध कराकर उन्हें अपने पंचायत एवं आसपास के क्षेत्रों में सेवाएं प्रदान करने का अवसर मिला है।
उन्होंने कहा कि यह पहल पशुपालकों को उनके घर के समीप कृत्रिम गर्भाधान की सुविधा उपलब्ध कराने के साथ-साथ युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने में भी सहायक सिद्ध होगी। आने वाले दिनों में इच्छुक अभ्यर्थी प्रशिक्षण प्राप्त कर इस योजना के माध्यम से स्वरोजगार से जुड़ सकते हैं।
जिलाधिकारी ने चयनित सभी कृत्रिम गर्भाधान मैत्री कार्यकर्ताओं को शुभकामनाएं देते हुए पशुपालकों को गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध सेवा उपलब्ध कराने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के माध्यम से पशु नस्ल सुधार, दुग्ध उत्पादन में वृद्धि तथा ग्रामीण अर्थव्यवस्था को सुदृढ़ करने की दिशा में जिले में एक महत्वपूर्ण पहल की गई।
#CMSamrat
#samratchoudhary
CMO Bihar
Information & Public Relations Department, Government of Bihar