Public App Logo
साइबर ठगी में बड़ा खुलासा: ठगों का मददगार खाताधारक गिरफ्तार, तीन माह से था फरार सवाई माधोपुर। मानटाउन थाना पुलिस ने साइबर ठगी के मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब तीन माह से फरार चल रहे आरोपी विष्णु पुत्र कमलेश, उम्र 21 वर्ष, निवासी रांवल थाना कुंडेरा को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार आरोपी साइबर ठगों को बैंक खाता उपलब्ध करवाने और ठगी की रकम के लेन-देन में मदद करता था। पुलिस के मुताबिक आरोपी विष्णु ने अपना बैंक खाता साइबर ठग विक्रम उर्फ खन्नू पुत्र टीकाराम, निवासी रांवल थाना कुंडेरा को दिया था। विक्रम के जरिए आरोपी को कमीशन/धनराशि प्राप्त होती थी। इसी बैंक खाते का इस्तेमाल साइबर ठगी से प्राप्त रकम के संग्रहण और हस्तांतरण यानी म्यूल अकाउंट के रूप में किया जा रहा था। मामले में पुलिस पहले ही विक्रम उर्फ खन्नू तथा अरबी खान पुत्र रोजक खान, निवासी शेषा थाना मलारना डूंगर को गिरफ्तार कर चुकी है। विक्रम के कब्जे से बोलेरो वाहन और एक एंड्रॉयड मोबाइल फोन भी बरामद किया गया था। जांच के दौरान बोलेरो वाहन को साइबर ठगी के पैसों से खरीदा जाना सामने आने पर पुलिस ने न्यायालय में वाहन को लेकर कार्रवाई की। पुलिस ने आरोपी विष्णु को प्रकरण दर्ज करके बीएनएस एवं 66सी आईटी एक्ट के तहत गिरफ्तार किया है। पुलिस अधीक्षक ज्येष्ठा मैत्रेयी आईपीएस के निर्देशन में थाना मान टाउन थानाधिकारी सुनील कुमार गुप्ता के नेतृत्व में गठित टीम के द्वारा की गई, पुलिस का कहना है कि साइबर ठगी की रकम के लेन-देन में इस्तेमाल होने वाले बैंक खातों और साइबर अपराधियों के मददगारों के खिलाफ कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। - Gangapur News