बाइक में छिपा बैठा था सांप का बच्चा, हाथ पर आते ही घबराया चालक; पत्नी समेत सड़क पर गिरा
भिंड। शहर की हाउसिंग कॉलोनी स्थित शहीद चौक पर मंगलवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब चलती बाइक में से अचानक सांप का बच्चा निकलकर चालक के हाथ पर आकर बैठ गया। सांप को देखते ही बाइक चालक घबरा गया और संतुलन बिगड़ने से बाइक सड़क पर गिर गई। हादसे में बाइक चालक और उसके साथ बैठी पत्नी भी सड़क पर गिर पड़े।
जानकारी के अनुसार सचिन राजावत, निवासी उमरी क्षेत्र, अपनी पत्नी के साथ बाइक से भिंड बाजार करने आए थे। बताया जा रहा है कि शहीद चौक के पास बाइक चलाते समय अचानक बाइक के अंदर छिपा सांप का बच्चा बाहर निकला और चालक के हाथ पर आकर बैठ गया। सांप को देखते ही चालक घबरा गया और आनन-फानन में बाइक का संतुलन बिगड़ गया, जिससे दोनों बाइक समेत सड़क पर गिर पड़े।
घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। बाइक में सांप का बच्चा कहां से आया और वह कितनी देर से बाइक के अंदर छिपा था, यह स्पष्ट नहीं हो सका।
Gormi, Bhind | Sep 15, 2026