एजनीघाट में सखी वार्ता कार्यक्रम आयोजित, महिलाओं को योजनाओं की दी गई जानकारी
लखीसराय। महिला एवं बाल विकास निगम लखीसराय के तत्वावधान में तथा संकल्प हब फॉर एंपावरमेंट ऑफ वीमेन के सहयोग से बुधवार को बड़हिया प्रखंड के एजनीघाट गांव स्थित आंगनबाड़ी केंद्र संख्या-157 पर सखी वार्ता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता पंचायत की मुखिया श्रीमती प्रतिमा देवी ने की।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए महिला सशक्तिकरण केंद्र के जिला मिशन समन्वयक प्रशांत कुमार ने कहा कि महिला एवं बाल विकास निगम की पहल के तहत प्रत्येक सप्ताह सखी वार्ता का आयोजन कर महिलाओं को उनके अधिकारों, सरकारी योजनाओं एवं विभिन्न विभागों की सेवाओं के प्रति जागरूक किया जाता है। साथ ही संबंधित विभागों से समन्वय स्थापित कर उनकी समस्याओं के समाधान का भी प्रयास किया जाता है।
उन्होंने महिला एवं बाल विकास निगम द्वारा संचालित सखी वन स्टॉप सेंटर, बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ अभियान, महिला हेल्पलाइन 181, महिला सशक्तिकरण केंद्र, मुख्यमंत्री कन्या उत्थान योजना तथा प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना के बारे में विस्तारपूर्वक जानकारी दी।
शक्ति सदन की आवासीय अधीक्षिका निभा कुमारी ने बताया कि मानव तस्करी, ट्रैफिकिंग, घरेलू हिंसा अथवा अन्य किसी संकट से जूझ रही महिलाएं एवं किशोरियां शक्ति सदन में आश्रय प्राप्त कर सकती हैं। यहां उनके रहने, भोजन एवं दैनिक आवश्यकताओं सहित विभिन्न प्रकार की सहायता उपलब्ध कराई जाती है।
लैंगिक विशेषज्ञ किस्मत कुमारी ने बाल विवाह के दुष्परिणामों पर प्रकाश डालते हुए उपस्थित लोगों से बाल विवाह नहीं करने और इसे रोकने में सहयोग करने की अपील की। कार्यक्रम के अंत में सभी उपस्थित लोगों को बाल विवाह रोकथाम की सामूहिक शपथ भी दिलाई गई।
कार्यक्रम का समापन मुखिया श्रीमती प्रतिमा देवी द्वारा धन्यवाद ज्ञापन के साथ किया गया।
इस अवसर पर आंगनबाड़ी सेविका अनिता कुमारी, रूबी देवी, स्वच्छता पर्यवेक्षक विमली देवी सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण महिलाएं उपस्थित थीं।