अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर खेल भवन में भव्य योग समागम आयोजित
लखीसराय। अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर खेल भवन, लखीसराय में अपर समाहर्ता की अध्यक्षता में स्वास्थ्य विभाग, लखीसराय एवं जिला आयुष समिति के संयुक्त तत्वावधान में भव्य योग समागम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में अधिकारियों, स्वास्थ्यकर्मियों, खेल प्रेमियों एवं आम लोगों ने भाग लिया।
योग प्रशिक्षक ज्वाला एवं विवेकानंद ने प्रतिभागियों को विभिन्न योगासन, प्राणायाम तथा ध्यान की विधियों का अभ्यास कराया। इस दौरान उन्होंने योग के नियमित अभ्यास से होने वाले शारीरिक, मानसिक एवं भावनात्मक लाभों की विस्तृत जानकारी दी तथा स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम में सिविल सर्जन डॉ. जय प्रकाश सिंह, जिला देशी चिकित्सा पदाधिकारी, जिला कार्यक्रम प्रबंधक, गैर संचारी रोग पदाधिकारी डॉ. संजय कुमार, डॉ. मार्कण्डेय, विभिन्न आयुष चिकित्सा पदाधिकारी, जिला योजना समन्वयक, जिला सामुदायिक उत्प्रेरक पूजा कुमारी सहित स्वास्थ्य विभाग के कई अधिकारी एवं कर्मी उपस्थित रहे।
इस अवसर पर उपस्थित अधिकारियों एवं प्रतिभागियों ने योग को दैनिक जीवन का अभिन्न हिस्सा बनाने का संकल्प लिया। वक्ताओं ने कहा कि योग न केवल व्यक्ति को शारीरिक रूप से स्वस्थ बनाता है, बल्कि मानसिक शांति और सकारात्मक ऊर्जा भी प्रदान करता है। कार्यक्रम का उद्देश्य आम लोगों के बीच योग के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा स्वस्थ एवं निरोग समाज के निर्माण के लिए प्रेरित करना था।
योग समागम में शामिल लोगों ने उत्साहपूर्वक योगाभ्यास किया और नियमित योग के माध्यम से स्वस्थ जीवन अपनाने का संदेश दिया।