दरभंगा, 24 नवम्बर 2026 :- दैनिक जागरण एवं हिन्दुस्तान समाचार पत्र में 24 नवम्बर को डी.एम.सी.एच में मरीज की मौत एवं आईसीयू ट्रॉली उपलब्ध कराने में हुई देरी से संबंधित प्रकाशित खबरों पर संज्ञान लेते हुए आयुक्त, दरभंगा प्रमण्डल, दरभंगा श्री हिमांशु कुमार राय की अध्यक्षता में प्रमंडलीय सभागार में स्वास्थ्य विभाग एवं डी.एम.सी.एच के वरीय अधिकारियों के साथ उच्चस्तरीय बैठक आयोजित की गई।
बैठक में आयुक्त महोदय ने डी.एम.सी.एच अधीक्षक एवं स्वास्थ्य विभाग के संबंधित पदाधिकारियों से समाचार पत्रों में प्रकाशित खबरों तथा घटित घटनाओं के संबंध में विस्तृत जानकारी प्राप्त की।
उन्होंने पूरे मामले को गंभीरता से लेते हुए कहा कि अस्पताल में मरीजों को समय पर आवश्यक चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराना सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। इसमें किसी भी स्तर पर लापरवाही या उदासीनता स्वीकार्य नहीं है।
आयुक्त महोदय ने डीएमसीएच अधीक्षक को निर्देश दिया कि उक्त घटना में जिन पदाधिकारियों एवं कर्मियों के स्तर से लापरवाही हुई है, उनकी भूमिका की गहन जाँच कराते हुए जाँच प्रतिवेदन अविलंब उपलब्ध कराना सुनिश्चित करें, ताकि दोषियों की जवाबदेही निर्धारित करते हुए आवश्यक कार्रवाई की जा सके।
घटना की गंभीरता को देखते हुए आयुक्त महोदय ने डीएमसीएच अधीक्षक, स्वास्थ्य प्रबंधक एवं MEDICINE विभागाध्यक्ष (HOD) का वेतन अगले आदेश तक स्थगित रखने का निर्देश दिया।
उन्होंने स्पष्ट किया कि मरीजों के उपचार एवं अस्पताल की व्यवस्थाओं में किसी भी प्रकार की लापरवाही को गंभीरता से लिया जाएगा तथा जिम्मेदार व्यक्तियों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
आयुक्त महोदय ने कहा कि उनके द्वारा शीघ्र ही डीएमसीएच का गहन निरीक्षण किया जाएगा तथा अस्पताल की व्यवस्था एवं स्वास्थ्य सेवाओं की समीक्षा के लिए पुनः बैठक आयोजित की जाएगी।
उन्होंने निर्देश दिया कि अगली बैठक में सभी संबंधित पदाधिकारी पूरी तैयारी के साथ उपस्थित हों तथा अस्पताल से संबंधित सभी आवश्यक एवं अद्यतन आंकड़े सही-सही उपलब्ध कराएं।
उन्होंने अस्पताल प्रशासन एवं स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को निर्देशित किया कि मरीजों को ससमय चिकित्सा सुविधा, आवश्यक उपकरण, ट्रॉली एवं अन्य जरूरी संसाधन उपलब्ध कराना सुनिश्चित करें। अस्पताल में आने वाले मरीजों एवं उनके परिजनों को किसी प्रकार की असुविधा नहीं होनी चाहिए। स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार लाते हुए यह सुनिश्चित किया जाए कि भविष्य में इस प्रकार की शिकायतें सामने नहीं आएं।
आयुक्त महोदय ने स्पष्ट किया कि आम लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधा उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी है और इस दिशा में सभी संबंधित पदाधिकारी पूरी संवेदनशीलता, तत्परता एवं जवाबदेही के साथ कार्य करें।
#BiharSarkar
#CMBihar
#SamratChoudhary
#CMSamrat
#MukhyamantriBihar