*पश्चिमी कोसी नहर परियोजना के तहत तीन शाखा नहरों के विस्तारीकरण एवं आधुनिकीकरण के लिए भू-अर्जन की प्रक्रिया तेज करने का डीएम ने दिया निर्देश*
*11 अंचलों में वर्तमान रैयतों एवं जमाबंदीदारों की अद्यतन सूची तैयार करने का निर्देश, पारदर्शी तरीके से ससमय मुआवजा भुगतान पर जोर*
दरभंगा, 24 नवम्बर 2026 :- जिला पदाधिकारी श्री कौशल कुमार की अध्यक्षता में उनके कार्यालय प्रकोष्ठ में पश्चिमी कोसी नहर परियोजना के अंतर्गत उग्रनाथ शाखा नहर, विदेश्वरस्थान शाखा नहर एवं काकर घाटी शाखा नहर के विस्तारीकरण, नवीनीकरण एवं आधुनिकीकरण हेतु भू-अर्जन की कार्रवाई को लेकर महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई।
बैठक में दरभंगा जिले के 11 अंचलों - तारडीह, घनश्यामपुर, मनीगाछी, बहादुरपुर, बेनीपुर, बहेड़ी, बिरौल, हायाघाट, अलीनगर, गौड़ाबौराम एवं सदर में अर्जनाधीन भूमि के वर्तमान रैयतों एवं जमाबंदीदारों का नाम अद्यतन करने की प्रक्रिया की समीक्षा की गई।
जिलाधिकारी ने सभी संबंधित अंचलाधिकारियों को जिला भू-अर्जन कार्यालय से अर्जनाधीन भूमि का नक्शा एवं खेसरा सूची प्राप्त कर आपसी समन्वय के साथ वर्तमान रैयतों एवं जमाबंदीदारों की अद्यतन सूची तैयार करने का निर्देश दिया।
उन्होंने सामाजिक प्रभाव मूल्यांकन के लिए प्राधिकृत चंद्रगुप्त प्रबंधन संस्थान, पटना एवं विकास प्रबंधन संस्थान, पटना के प्रतिनिधियों को भी इस कार्य में अपेक्षित सहयोग करने का निर्देश दिया।
जिलाधिकारी ने कहा कि अद्यतन रैयतों की सूची तैयार कर भू-अर्जन की प्रक्रिया में पारदर्शिता सुनिश्चित की जाए, ताकि संबंधित रैयतों को ससमय मुआवजे का भुगतान किया जा सके।
बैठक में जिला भू-अर्जन पदाधिकारी, पश्चिमी कोसी प्रमंडल, राजनगर, मधुबनी एवं दरभंगा के कार्यपालक अभियंता तथा योजना से संबंधित सहायक अभियंता, कनीय अभियंता के साथ-साथ संबंधित मौजों के अंचलाधिकारी एवं सामाजिक प्रभाव मूल्यांकन के लिए प्राधिकृत प्रतिनिधि उपस्थित थे।
#BiharSarkar
#CMBihar
#SamratChoudhary
#CMSamrat
#MukhyamantriBihar