*कायाकल्प योजनाओं को निर्धारित समय-सीमा के भीतर पूर्ण करें सभी विभाग : जिलाधिकारी*
*जिलाधिकारी की अध्यक्षता में कायाकल्प योजनाओं एवं मतदाता सूची पुनरीक्षण कार्य की हुई समीक्षा*
*छूटे हुए महिला एवं युवा मतदाताओं का नाम मतदाता सूची में जोड़ने का दिया निर्देश*
दरभंगा, 24 नवम्बर 2026:-जिलाधिकारी, दरभंगा श्री कौशल कुमार की अध्यक्षता में आज कायाकल्प योजनाओं के क्रियान्वयन एवं प्रगति की समीक्षा को लेकर संबंधित विभागों के पदाधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक आयोजित की गई।
बैठक में सभी अनुमंडल पदाधिकारी, भूमि सुधार उप समाहर्ता (डीसीएलआर), अंचलाधिकारी एवं प्रखंड विकास पदाधिकारी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जुड़े हुए थे।
बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने पंचायती राज विभाग, समाज कल्याण विभाग, अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति कल्याण विभाग, स्वास्थ्य विभाग तथा शिक्षा विभाग सहित सभी संबंधित विभागों द्वारा संचालित कायाकल्प योजनाओं की बिंदुवार समीक्षा की।
उन्होंने सभी विभागीय पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि कायाकल्प से संबंधित सभी योजनाओं को निर्धारित समय-सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूर्ण करना सुनिश्चित करें। योजनाओं के क्रियान्वयन में किसी भी प्रकार की अनावश्यक देरी नहीं होनी चाहिए। साथ ही संबंधित पदाधिकारियों को योजनाओं की नियमित मॉनिटरिंग करने एवं कार्यों में अपेक्षित प्रगति सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
जिलाधिकारी ने सभी प्रखंड स्तरीय पदाधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्र के टोलों में अवस्थित सरकारी भवनों की सूची तैयार करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि सरकारी भवनों की अद्यतन एवं व्यवस्थित सूची तैयार रहने से संबंधित योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन, आवश्यकताओं के आकलन तथा विकासात्मक कार्यों की निगरानी में सुविधा होगी। इस कार्य को प्राथमिकता के आधार पर पूर्ण करने का निर्देश दिया गया।
बैठक के अगले चरण में जिलाधिकारी ने जिले में चल रहे मतदाता सूची पुनरीक्षण कार्य की समीक्षा की। उन्होंने सभी प्रखंड विकास पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि क्षेत्र में विशेष अभियान चलाकर मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने से वंचित पात्र महिला मतदाताओं की पहचान की जाए तथा उनका नाम मतदाता सूची में जोड़ने की कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
उन्होंने विशेष रूप से युवा मतदाताओं को मतदाता सूची से जोड़ने पर जोर देते हुए कहा कि निर्धारित अर्हता पूरी करने वाले सभी पात्र युवाओं का नाम मतदाता सूची में शामिल कराने के लिए व्यापक जागरूकता एवं आवश्यक कार्रवाई की जाए। इस कार्य में संबंधित क्षेत्रीय पदाधिकारियों एवं कर्मियों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया, ताकि कोई भी पात्र मतदाता अपने मताधिकार से वंचित न रहे।
जिलाधिकारी ने सभी संबंधित पदाधिकारियों को निर्देशित किया कि कायाकल्प योजनाओं के क्रियान्वयन एवं मतदाता सूची पुनरीक्षण से संबंधित कार्यों को गंभीरता से लेते हुए निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण करें।
बैठक में नगर आयुक्त श्रीमती गरिमा लोहिया, उप विकास आयुक्त श्री स्वप्निल, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी श्री आशीष अमन सहित विभिन्न विभागों के संबंधित पदाधिकारी उपस्थित थे।
#BiharSarkar
#CMBihar
#SamratChoudhary
#CMSamrat
#MukhyamantriBihar