450 लीटर लहान और 3 भट्टियां नष्ट, 5 लीटर कच्ची महुआ शराब जब्त
अफजलपुर पुलिस की अवैध शराब के खिलाफ बड़ी कार्रवाई, एक आरोपी महिला पर आबकारी एक्ट में प्रकरण दर्ज
मंदसौर। अवैध शराब निर्माण के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत अफजलपुर थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 450 लीटर शराब निर्माण के लिए तैयार लहान नष्ट किया है। पुलिस ने मौके से हाथ भट्टी की कच्ची महुआ शराब निर्माण में प्रयुक्त तीन भट्टियों को भी नष्ट किया तथा 5 लीटर कच्ची महुआ शराब जब्त की है। मामले में एक आरोपी महिला के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज किया गया है।
पुलिस के अनुसार 9 सितंबर 2026 को अवैध शराब की धरपकड़ के लिए विशेष टीमें गठित की गई थीं। टीमों ने थाना क्षेत्र के ग्राम सीखेडी, जोगीखेड़ा मगरा और आसपास के इलाकों में खेतों एवं घनी घास वाले स्थानों पर सर्चिंग की। इस दौरान छिपाकर रखा गया शराब निर्माण के लिए तैयार करीब 450 लीटर लहान मिला। पुलिस ने मौके पर ही लहान को नष्ट किया और निर्माण में इस्तेमाल की जा रही तीन भट्टियों को भी नष्ट कर दिया।
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने 5 लीटर हाथ भट्टी से बनी कच्ची महुआ शराब जब्त की। एक आरोपी महिला के विरुद्ध आबकारी अधिनियम के तहत कार्रवाई करते हुए प्रकरण पंजीबद्ध किया गया है।