स्कूल बसों की जांच में परिवहन विभाग की सख्ती, बिना फिटनेस बस पर चालानी कार्रवाई
मंदसौर। बच्चों की सुरक्षा को लेकर परिवहन विभाग ने सख्ती बरतते हुए पिपलियामंडी एवं मल्हारगढ़ क्षेत्र में स्कूल बसों और अन्य स्कूली वाहनों की जांच की। परिवहन विभाग की टीम ने अभियान के दौरान करीब 20 स्कूल वाहनों की जांच की।
चेकिंग के दौरान कबीर इंटरनेशनल स्कूल की एक बस बिना फिटनेस के संचालित होना पाए जाने पर उसके खिलाफ चालानी कार्रवाई की गई। वहीं जांच अभियान के दौरान परिवहन विभाग द्वारा करीब 20 हजार रुपये का शमन शुल्क भी वसूला गया।
परिवहन अधिकारी दीपक मांझी ने कहा कि स्कूली बच्चों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। स्कूल वाहनों के संचालन में नियमों की अनदेखी या बच्चों की सुरक्षा के साथ किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
उन्होंने कहा कि परिवहन विभाग द्वारा आगे भी स्कूल बसों एवं अन्य स्कूली वाहनों की लगातार जांच की जाएगी तथा नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।