उत्तर प्रदेश में राजनीतिक सरगर्मियों के बीच आम आदमी पार्टी के वरिष्ठ नेता एवं राज्यसभा सांसद संजय सिंह 21 नवंबर को मऊ जिले के मधुबन पहुंचेंगे। यहां गांधी मैदान (पाती मैदान) में दोपहर 12 बजे आयोजित जनसंवाद सभा को संबोधित करेंगे। उनके इस दौरे को लेकर आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ताओं में उत्साह देखा जा रहा है।
जनसंवाद सभा में मऊ जिले की बुनियादी समस्याओं और जनता से जुड़े सवालों को प्रमुखता से उठाने की तैयारी है। बदहाल विकास व्यवस्था, बेरोजगारी, शिक्षा, स्वास्थ्य सेवाओं की स्थिति, जर्जर सड़कें, घाघरा नदी की कटान और वोट चोरी जैसे मुद्दे सभा के केंद्र में रहेंगे।
आम आदमी पार्टी का कहना है कि जिले की जनता लंबे समय से बुनियादी सुविधाओं और विकास से जुड़े सवालों का जवाब चाहती है। जनसंवाद के जरिए इन सवालों को सार्वजनिक मंच पर उठाया जाएगा और जनप्रतिनिधियों तथा सरकार की जवाबदेही पर चर्चा होगी।
पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता सर्वेश मिश्रा ने क्षेत्र की जनता से 21 नवंबर को गांधी मैदान पहुंचने की अपील की है। उन्होंने कहा कि जनता के सवालों को मजबूती से उठाना और उनकी समस्याओं को राजनीतिक विमर्श का हिस्सा बनाना इस जनसंवाद का मुख्य उद्देश्य है।
अब सबकी नजरें 21 नवंबर को मधुबन में होने वाली इस सभा पर टिकी हैं, जहां संजय सिंह स्थानीय मुद्दों के साथ प्रदेश की राजनीति से जुड़े सवालों पर भी अपनी बात रखेंगे।
#SanjaySingh #Madhuban #Mau #AamAadmiParty #AAP #जनसंवाद #मऊ #BalliaKhabar