चार दिवसीय आजीविका राखी मेले का हुआ समापन
मध्यप्रदेश डे-राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन, जिला मुरैना के तत्वावधान में आयोजित चार दिवसीय आजीविका राखी मेले का समापन समारोह गुरुवार को संपन्न हुआ। समापन कार्यक्रम में महापौर श्रीमती शारदा सोलंकी मुख्य अतिथि तथा मुख्य कार्यपालन अधिकारी, जिला पंचायत श्री कमलेश कुमार भार्गव विशेष अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।
समापन कार्यक्रम में जिला पुरातत्व अधिकारी श्री अशोक शर्मा, जिला परियोजना प्रबंधक श्री दिनेश तोमर, मेला नोडल अधिकारी श्री उमेश राजौरिया, सह-नोडल अधिकारी श्री मोहम्मद जाहुल सहित समस्त विकासखंडों के अधिकारी-कर्मचारी एवं स्व-सहायता समूहों की दीदियां उपस्थित रहीं।
महापौर श्रीमती शारदा सोलंकी ने कहा कि प्रदेश सरकार के मार्गदर्शन में मुरैना में आयोजित चार दिवसीय आजीविका राखी मेला जिले के लिए गौरव की बात है। मेले में दूर-दराज के क्षेत्रों से आईं स्व-सहायता समूहों की दीदियों ने अपनी प्रतिभा और हुनर से तैयार की गई राखियों, खिलौनों, मंगलसूत्र, हस्तनिर्मित कड़ों, बच्चों की घड़ियों सहित विभिन्न आकर्षक उत्पादों का प्रदर्शन एवं विक्रय किया। उन्होंने कहा कि स्व-सहायता समूहों द्वारा निर्मित स्थानीय एवं गुणवत्तापूर्ण उत्पादों को आगे भी ऐसे मंचों के माध्यम से प्रोत्साहन और बाजार उपलब्ध कराया जाता रहेगा।
मुख्य कार्यपालन अधिकारी, जिला पंचायत श्री कमलेश कुमार भार्गव ने बताया कि आजीविका राखी मेले में जिले के सभी 7 विकासखंडों के 34 ग्रामों के 78 स्व-सहायता समूहों की कुल 415 समूह दीदियों ने सहभागिता की। समूहों द्वारा लगभग 9 लाख 89 हजार रुपये मूल्य की राखियां तैयार की गईं, जिनके विक्रय से लगभग 3 लाख 65 हजार रुपये का शुद्ध लाभ अर्जित किया गया। मेले के दौरान राखियों सहित अन्य उत्पादों की कुल 4 लाख 78 हजार 900 रुपये की बिक्री हुई।
उन्होंने कहा कि आजीविका राखी मेले के माध्यम से स्व-सहायता समूहों की महिलाओं को उनके द्वारा तैयार किए गए उत्पादों के लिए बेहतर बाजार उपलब्ध कराने के साथ ही उनकी आय में वृद्धि, कौशल को प्रोत्साहन और आत्मनिर्भरता को बढ़ावा देने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल की गई है। ऐसे आयोजन ग्रामीण महिलाओं को अपने हुनर को व्यवसाय से जोड़ने तथा स्थानीय उत्पादों को व्यापक बाजार उपलब्ध कराने में सहायक सिद्ध हो रहे हैं।
समापन अवसर पर अतिथियों ने स्व-सहायता समूहों की दीदियों द्वारा निर्मित राखियों एवं अन्य उत्पादों की सराहना की तथा उन्हें निरंतर नवाचार करते हुए अपने उत्पादों की गुणवत्ता और विपणन को बेहतर बनाने के लिए प्रोत्साहित किया।
कार्यक्रम के उपरांत महापौर श्रीमती शारदा सोलंकी ने स्व-सहायता समूह की दीदियों से अपने हाथों पर मेहंदी लगवाई। इस आत्मीय अवसर के साथ चार दिवसीय आजीविका राखी मेले का गरिमापूर्ण समापन हुआ।
#JansamparkMP #morena2026 #Morena #MadhyaPradesh #rakshabandhan Jansampark Madhya Pradesh