चंबल प्रतिबंधित वन क्षेत्र से बजरी चोरी कर परिवहन करते आरोपी गिरफ्तार, ट्रैक्टर-ट्रॉली जप्त
करौली। मण्डरायल थाना पुलिस ने चंबल घड़ियाल प्रतिबंधित वन क्षेत्र से अवैध रूप से बजरी भरकर परिवहन करने के मामले में कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने मौके से बजरी से भरी बिना नंबर की ट्रैक्टर-ट्रॉली भी जप्त की।
पुलिस के अनुसार, पुलिस अधीक्षक करौली लोकेश सोनवाल के निर्देशन में अवैध चंबल बजरी खनन एवं परिवहन के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना अधिकारी जयप्रकाश सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम गश्त कर रही थी। इसी दौरान लोहिया पेट्रोल पंप के पास बजरी से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली दिखाई दी। पुलिस को देखकर चालक ट्रैक्टर-ट्रॉली को रास्ते में भगाने लगा, जिसे पुलिस टीम ने रोक लिया।
पूछताछ में चालक ने अपना नाम बाबू पुत्र रोशन जाति मीना, उम्र 40 वर्ष, निवासी जागरपुरा पांचोली, थाना मण्डरायल, जिला करौली बताया। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर ट्रैक्टर-ट्रॉली जप्त कर ली।
पुलिस के मुताबिक, आरोपी के खिलाफ चंबल प्रतिबंधित वन क्षेत्र से चोरी-छिपे बजरी परिवहन करने के आरोप में प्रकरण दर्ज कर अनुसंधान शुरू कर दिया गया है। कार्यवाही के दौरान वन एवं पर्यावरण संबंधी धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है।