साइबर ठगी के कमीशन के लिए खाते में रुपए डलवाने वाला पेट्रोल पंप संचालक गिरफ्तार
सवाई माधोपुर। कोतवाली थाना पुलिस ने साइबर फ्रॉड के मामले में कमीशन लेकर अपने बैंक खाते में ठगी की रकम डलवाने के आरोप में एक पेट्रोल पंप संचालक को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी शंकरलाल पुत्र कालूराम, उम्र 40 वर्ष, निवासी बपुई, थाना मित्रपुरा, जिला सवाई माधोपुर को गिरफ्तार किया।
पुलिस के अनुसार कार्रवाई पुलिस अधीक्षक ज्येष्ठा मैत्रेयी आईपीएस के निर्देशन में तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राकेश राजौरा और पुलिस उपाधीक्षक शहर सवाई माधोपुर राजेन्द्र मीणा के निकटतम सुपरविजन में की गई। कार्रवाई कोतवाली थाना अधिकारी मदनलाल मीणा के नेतृत्व में पुलिस टीम ने की।
पुलिस के मुताबिक 28 मार्च 2026 को साइबर फ्रॉड से जुड़े मामले में मोबाइल नंबर की लोकेशन प्राप्त होने के बाद जांच शुरू की गई थी। जांच में सामने आया कि आरोपी ने कमीशन के रूप में रुपए प्राप्त कर अपने बैंक खाते में साइबर ठगी की रकम डलवाई थी। जांच के दौरान आरोपी के खिलाफ मामला प्रमाणित पाए जाने पर उसे गिरफ्तार किया गया।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ बीएनएस की धारा के तहत कार्रवाई की है। मामले में पुलिस द्वारा आगे अनुसंधान जारी है।