ग्रेटर नोएडा से बैंकिंग व्यवस्था पर सवाल खड़े करने वाला बड़ा मामला सामने आया है… पंजाब नेशनल बैंक की एक शाखा में करीब 35 करोड़ रुपये के कथित गबन का आरोप लगा है। ग्राहकों का दावा है कि उनके बचत खातों और फिक्स्ड डिपॉजिट यानी एफडी में जमा लाखों-करोड़ों रुपये अचानक गायब हो गए। मामला सामने आने के बाद बैंक मैनेजर समेत पांच कर्मचारियों को निलंबित कर दिया गया है, जबकि पुलिस और संबंधित जांच टीमें मामले की पड़ताल में जुटी हैं।
पूरा मामला ग्रेटर नोएडा के ऐच्छर गांव स्थित पंजाब नेशनल बैंक की शाखा से जुड़ा है। यहां खाताधारकों ने अपने खातों से बड़ी रकम गायब होने की शिकायत की है। कुछ ग्राहकों के बचत खातों में पहले तीन से चार लाख रुपये जमा थे, लेकिन अब उनके खातों में महज 16 हजार रुपये बचे होने का दावा किया जा रहा है। वहीं, जिन लोगों को जमीन अधिग्रहण के बदले करोड़ों रुपये का मुआवजा मिला था, उनके खाते भी खाली होने की शिकायत सामने आई है।
इस मामले का खुलासा तब हुआ, जब ट्रांसपोर्टर विनीत भाटी बैंक पहुंचे। विनीत भाटी ‘जय शिव ट्रांसपोर्ट’ नाम से कंपनी चलाते हैं और उनका बैंक में चालू खाता है। आरोप है कि म्यूचुअल फंड में निवेश के लिए बैंक कर्मचारियों से संपर्क करने के बाद, 25 लाख रुपये की रकम उनके खाते में आने के बजाय किसी दूसरे खाते में ट्रांसफर हो गई। विनीत भाटी ने इस संबंध में बीटा-2 थाने में शिकायत दर्ज कराकर जांच और अपनी रकम वापस दिलाने की मांग की है।
इसके बाद बैंक में मौजूद दूसरे खाताधारकों ने भी अपने खातों में गड़बड़ी की शिकायत उठाई। एक मामले में जमीन अधिग्रहण के मुआवजे के तौर पर खाते में करीब एक करोड़ 29 लाख रुपये जमा हुए थे। परिवार का दावा है कि 15 लाख रुपये निकालने के बाद भी खाते से एक करोड़ रुपये से ज्यादा की रकम गायब है।
वहीं, एक बुजुर्ग खाताधारक ने आरोप लगाया कि उनके खाते में जमा 17 लाख 50 हजार रुपये की रकम बैंक में शून्य दिखाई गई। उनका दावा है कि पिछले दो वर्षों से उन्हें लेनदेन करने में भी परेशानी हो रही थी। इसके अलावा, कई अन्य ग्राहकों ने एफडी और बचत खातों से पैसे गायब होने की शिकायत की है।
शिकायतों के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। अब तक कई खाताधारक पुलिस से संपर्क कर चुके हैं। मामले की गंभीरता को देखते हुए बैंक मैनेजर समेत पांच कर्मचारियों को निलंबित किया गया है और उनकी जगह नए कर्मचारियों की नियुक्ति की गई है।
हालांकि, फिलहाल यह साफ नहीं है कि रकम किस तरह गायब हुई—यह बैंकिंग अनियमितता का मामला है, डिजिटल धोखाधड़ी है या इसके पीछे कोई दूसरी वजह है। बैंक अधिकारियों ने ग्राहकों को रकम वापस जमा कराने का आश्वासन दिया है, लेकिन कथित गबन की पूरी सच्चाई जांच के बाद ही सामने आएगी।
ग्रेटर नोएडा से इस मामले में अब सबसे बड़ा सवाल यही है, खाताधारकों की मेहनत की कमाई आखिर गई कहां?
#PNBScam #PNBBank #PunjabNationalBank #GreaterNoida #GreaterNoidaNews #BankScam #35CroreScam #BankFraud #BankingSystem #BankingScam #ग्रेटरनोएडा #PNBघोटाला #बैंकघोटाला #35करोड़का_गबन #बैंकिंगव्यवस्था #ग्राहकोंकीकमाई #FDScam #AccountFraud #BankManager #UPNews #UttarPradeshNews #CrimeNews #BreakingNews #LatestNews #HindiNews #CitySpecialNews #35करोड़काकथितगबन #खातोंसेपैसेगायब #PNBमेंहड़कंप