पलवल पुलिस के जवानों ने जान की बाजी लगाकर ट्रक ड्राइवर को बदमाशों के चंगुल से सकुशल छुड़ाया।
Aonenews अरविन्द बक्शी
घायल एसपीओ का हालचाल जानने सिविल अस्पताल पहुंची पुलिस अधीक्षक दीप्ति गर्ग, आईपीएस; जवानों के अदम्य साहस की सराहना की।
अपराधी किसी भी हाल में बख्शे नहीं जाएंगे, ये जल्द पुलिस की गिरफ्त में होंगे, क्राइम यूनिट सहित विशेष टीमों का गठन कर लगातार छापेमारी जारी - एसपी दीप्ति गर्ग।
डीएसपी मुख्यालय पलवल नरेंद्र सिंह खटाना ने जानकारी देते हुए बताया कि पलवल पुलिस के जांबाज जवानों ने अदम्य साहस और कर्तव्यनिष्ठा का परिचय देते हुए अपनी जान की परवाह किए बिना एक अपहृत ट्रक ड्राइवर को बदमाशों के चंगुल से सकुशल छुड़ाने में बड़ी सफलता हासिल की है। इस दौरान बदमाशों द्वारा गाड़ी चढ़ाने से घायल हुए एसपीओ दयाराम का हालचाल जानने के लिए पुलिस अधीक्षक पलवल दीप्ति गर्ग, आईपीएस स्वयं सिविल अस्पताल पलवल पहुंचीं और जवानों की बहादुरी की भूरि-भूरि प्रशंसा करते हुए उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की।
घटनाक्रम के अनुसार, आज दिनांक 16 नवंबर 2026 की तड़के करीब 3:30 बजे डायल-112 की ईआरवी (ERV) टीम को सूचना मिली कि रनसिका जलालपुर, हथीन निवासी ट्रक ड्राइवर वसीम पुत्र रुदार के साथ बिना नंबर प्लेट की एक काली महिंद्रा थार गाड़ी में सवार चार अज्ञात बदमाश लूटपाट कर उसका अपहरण कर ले गए हैं। सूचना मिलते ही ईआरवी इंचार्ज उप-निरीक्षक भोजदत्त, ड्राइवर सिपाही अनीश अहमद और सहायक एसपीओ दयाराम ने तुरंत तत्परता दिखाते हुए गांव रतीपुर के समीप नाकाबंदी कर संदिग्ध काली थार गाड़ी को रोकने का इशारा किया।
पुलिस टीम को सामने देख बदमाशों ने रुकने के बजाय जान से मारने की नीयत से सड़क किनारे खड़े एसपीओ दयाराम को सीधी टक्कर मार दी और मौके से फरार हो गए। गंभीर रूप से घायल एसपीओ दयाराम को तत्काल उपचार के लिए सरकारी अस्पताल पलवल पहुंचाया गया। इसके बावजूद पुलिस टीम ने हिम्मत नहीं हारी और बदमाशों का पीछा जारी रखा। पुलिस के भारी दबाव को देखते हुए बदमाश केएमपी (KMP) हाईवे के किनारे अपनी बिना नंबर प्लेट की महिंद्रा थार गाड़ी और अपहृत ट्रक ड्राइवर वसीम को छोड़कर अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए। पुलिस ने मौके से अपहृत चालक को सकुशल बरामद कर लिया और वारदात में प्रयुक्त बिना नंबर प्लेट की काली थार गाड़ी को अपने कब्जे में ले लिया है।
इस संबंध में थाना सदर पलवल में अज्ञात आरोपियों के खिलाफ हत्या के प्रयास, सरकारी कर्मचारी पर हमला कर चोट पहुंचाने व सरकारी कार्य में बाधा डालने सहित अन्य संबंधित धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। इससे पूर्व आरोपियों द्वारा शहर थाना क्षेत्र अंतर्गत दो ट्रक चालकों से अलग-अलग 1000 तथा ₹5000 की लूट वारदातों को भी अंजाम दिया गया। इसके अलावा थाना हथीन क्षेत्र अंतर्गत ट्रक चालक उपरोक्त वसीम से लूट तथा अपहरण वारदात को अंजाम दिया गया था। जिस पर थाना शहर में दो तथा थाना हथीन में एक अन्य संगीन मामला सहित कुल चार अभियोग अंकित किए गए हैं।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक पलवल दीप्ति गर्ग, आईपीएस सिविल अस्पताल पलवल पहुंचीं और उपचाराधीन एसपीओ दयाराम से मुलाकात कर उनका हौसला बढ़ाया। उन्होंने अस्पताल प्रशासन को घायल जवान के बेहतर से बेहतर इलाज के निर्देश दिए। एसपी दीप्ति गर्ग ने पूरी ईआरवी टीम की कर्तव्यनिष्ठा और बहादुरी की सराहना करते हुए कहा कि पलवल पुलिस आमजन की सुरक्षा के लिए सदैव तत्पर है और हमारे जवानों ने जान की बाजी लगाकर एक नागरिक की जान बचाई है।
पुलिस अधीक्षक ने अपराधियों को कड़ा संदेश देते हुए स्पष्ट किया कि पुलिस पर हमला करने वाले और कानून व्यवस्था को चुनौती देने वाले किसी भी बदमाश को बख्शा नहीं जाएगा। आरोपियों की धरपकड़ के लिए जिले की क्राइम यूनिट सहित विशेष पुलिस टीमों का गठन कर दिया गया है, जो संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी कर रही हैं। सभी आरोपी जल्द ही पुलिस की गिरफ्त में होंगे।