दुर्गा पूजा को लेकर बेगूसराय में निकला फ्लैग मार्च, डीएम और एसपी ने संभाली कमान
ट्रैफिक चौक से विशनपुर तक निकला मार्च, शांति भंग करने वालों पर होगी सख्त कार्रवाई
बेगूसराय। दुर्गा पूजा को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने और आम नागरिकों में सुरक्षा का विश्वास कायम करने के उद्देश्य से रविवार को बेगूसराय शहर में फ्लैग मार्च निकाला गया। जिला पदाधिकारी रिची पांडेय और पुलिस अधीक्षक मनीष के नेतृत्व में निकाले गए इस फ्लैग मार्च के माध्यम से लोगों को सुरक्षा का भरोसा दिलाया गया।
फ्लैग मार्च की शुरुआत ट्रैफिक चौक से हुई। इसके बाद पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों की टीम कचहरी चौक और काली स्थान होते हुए विशनपुर पहुंची। इस दौरान शहर के प्रमुख चौक-चौराहों एवं संवेदनशील इलाकों में सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया गया।
शांति और सौहार्द बनाए रखने की अपील
दुर्गा पूजा के दौरान शांति एवं विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। फ्लैग मार्च के जरिए आम नागरिकों को निर्भीक होकर पर्व मनाने का संदेश दिया गया। साथ ही लोगों से आपसी भाईचारा, सामाजिक सौहार्द और शांति बनाए रखने की अपील की गई।
असामाजिक तत्वों पर रहेगी प्रशासन की नजर
जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि दुर्गा पूजा के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा और विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए सभी आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं। शांति व्यवस्था में बाधा उत्पन्न करने वाले असामाजिक तत्वों पर प्रशासन की पैनी नजर रहेगी। ऐसे लोगों के विरुद्ध नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।
प्रशासन ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे आपसी सद्भाव के साथ दुर्गा पूजा मनाएं और कानून-व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस एवं प्रशासन का सहयोग करें।