स्नातक-शिक्षक निर्वाचन को लेकर एनडीए ने झोंकी ताकत, बलिया के विवेक विहार में हुई चुनावी सभा
केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह समेत कई मंत्रियों, सांसदों और नेताओं ने एनडीए प्रत्याशियों के पक्ष में की अपील
बलिया/बेगूसराय। दरभंगा स्नातक एवं शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के चुनाव को लेकर एनडीए ने प्रचार अभियान तेज कर दिया है। इसी क्रम में रविवार को बलिया के विवेक विहार में एनडीए की ओर से चुनावी सभा का आयोजन किया गया। सभा में केंद्रीय मंत्री सह बेगूसराय के सांसद गिरिराज सिंह, शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी, ग्रामीण विकास मंत्री श्रवण कुमार, गन्ना मंत्री संजय पासवान और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी समेत गठबंधन के कई वरिष्ठ नेता शामिल हुए। नेताओं ने स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के प्रत्याशी सर्वेश कुमार और शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के प्रत्याशी डॉ. घनश्याम राय के समर्थन में मतदान करने की अपील की।
सभा को संबोधित करते हुए केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने दोनों प्रत्याशियों को विजयी बनाने की अपील की। उन्होंने अपने संबोधन में मतदाताओं को पीला गमछा वालों से भी सतर्क रहने की सलाह दी।
शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी ने कहा कि केंद्र और राज्य में डबल इंजन की सरकार विकास के लिए काम कर रही है। उन्होंने दावा किया कि सरकार शिक्षकों के हितों को लेकर लगातार प्रयास कर रही है, जबकि विपक्ष बयानबाजी के जरिए मतदाताओं को भ्रमित करने की कोशिश कर रहा है। उन्होंने कहा कि एनडीए प्रत्याशियों की जीत शिक्षकों और स्नातकों के हित में होगी।
ग्रामीण विकास मंत्री श्रवण कुमार ने कहा कि सरकार सभी वर्गों और धर्मों के विकास के लिए काम कर रही है। उन्होंने जीविका से लगभग दो करोड़ महिलाओं के जुड़ने और इनमें करीब 50 लाख महिलाओं के लखपति दीदी बनने का दावा किया।
गन्ना मंत्री संजय पासवान ने भी अपने संबोधन में दोनों प्रत्याशियों के पक्ष में मतदान करने की अपील की। वहीं, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी ने वर्ष 2005 से मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और वर्ष 2014 से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में हुए विकास कार्यों का उल्लेख किया। उन्होंने दिनकर विश्वविद्यालय की स्थापना से संबंधित कैबिनेट निर्णय और उच्च शिक्षा में विद्यार्थियों की बढ़ती संख्या को सरकार की उपलब्धियों के रूप में प्रस्तुत किया।
सभा को पूर्व विधायक राजकुमार सिंह, विधायक कुंदन कुमार, बबलू मंडल और अभिषेक आनंद सहित अन्य नेताओं ने भी संबोधित किया।
इस अवसर पर भाजपा जिलाध्यक्ष राजीव वर्मा, जदयू जिलाध्यक्ष नंदलाल राय, लोजपा (रामविलास) के जिलाध्यक्ष प्रेम पासवान, हम जिलाध्यक्ष पियुष कुमार, रालोसपा जिलाध्यक्ष दिलीप कुशवाहा, भाजपा नेता राकेश रोशन मुन्ना, जनार्दन पटेल, जदयू नेता रूदल राय, ब्रजकिशोर मेहता, मृत्युंजय कुमार, मुन्ना महतो, चौधरी अफजल, लोजपा नेता सच्चिदानंद पासवान और भोला पासवान समेत एनडीए के कई नेता एवं कार्यकर्ता मौजूद थे।
सभा का संचालन भाजपा नगर अध्यक्ष कुंदन रस्तोगी ने किया।
#BreakingNews #bihar #Begusarai