बस्ती सॉकर लीग के दूसरे दिन सात टीमों ने दिखाया दमखम, बबलू तिवारी ने फुटबॉल को किक मारकर किया शुभारंभ
खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर बढ़ाया उत्साह, बोले- खेल युवाओं के सर्वांगीण विकास का सशक्त माध्यम
बस्ती। बस्ती सॉकर लीग 2026 के दूसरे दिन खेल मैदान में रोमांच और उत्साह का शानदार नजारा देखने को मिला। प्रतियोगिता में सात टीमों ने हिस्सा लेकर अपने खेल कौशल, दमखम और प्रतिभा का प्रदर्शन किया। इस दौरान समाजवादी पार्टी के नेता एवं रूधौली विधानसभा क्षेत्र के भावी प्रत्याशी बबलू तिवारी मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उन्होंने मैदान में पहुंचकर खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त किया और फुटबॉल को किक मारकर प्रतियोगिता का विधिवत शुभारंभ किया।
इस अवसर पर बबलू तिवारी ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि खेल केवल शारीरिक मजबूती का माध्यम नहीं, बल्कि युवाओं के व्यक्तित्व निर्माण और मानसिक विकास में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। खेल हमें अनुशासन, संघर्ष, आपसी भाईचारे और टीम भावना की सीख देते हैं। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में इस तरह की खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन सराहनीय पहल है। इससे स्थानीय प्रतिभाओं को अपनी क्षमता प्रदर्शित करने और आगे बढ़ने का अवसर मिलता है। उन्होंने सभी खिलाड़ियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
प्रतियोगिता के अध्यक्ष आलोक पांडेय ने कहा कि बस्ती सॉकर लीग का मुख्य उद्देश्य क्षेत्र की छिपी हुई खेल प्रतिभाओं को बेहतर मंच उपलब्ध कराना और युवाओं को खेलों के प्रति जागरूक एवं प्रोत्साहित करना है। उन्होंने प्रतियोगिता में प्रतिभाग करने वाली सभी टीमों और खिलाड़ियों का स्वागत करते हुए आयोजन को सफल बनाने में सहयोग देने वाले लोगों के प्रति आभार जताया।
वहीं, प्रतियोगिता के संयोजक विवेक पांडेय ने कहा कि बस्ती सॉकर लीग को लेकर युवाओं और खेल प्रेमियों में लगातार उत्साह बढ़ रहा है। दूसरे दिन सात टीमों की सहभागिता इस बात का प्रमाण है कि क्षेत्र में फुटबॉल के प्रति युवाओं की रुचि बढ़ रही है। उन्होंने कहा कि भविष्य में भी ऐसे आयोजनों के माध्यम से स्थानीय खिलाड़ियों को आगे बढ़ाने का प्रयास जारी रहेगा।
प्रतियोगिता के दौरान मैदान में खिलाड़ियों का जोश और खेल प्रेमियों का उत्साह देखते ही बन रहा था। आयोजन ने न केवल युवाओं को अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर दिया, बल्कि क्षेत्र में खेल संस्कृति को मजबूत करने और नई प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने का सकारात्मक संदेश भी दिया।
Basti, Basti | Nov 2, 2026