प्रारूप मतदाता सूची का प्रकाशन
----
सतना 12 नवम्बर 2026/भारत निर्वाचन आयोग द्वारा जारी कार्यक्रम के अनुसार फोटो निर्वाचक नामावली के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण-2027 के तहत गुरुवार को #सतना जिले की सभी विधानसभा क्षेत्रों की प्रारूप मतदाता सूची का प्रकाशन किया गया। मतदाता सूची का प्रकाशन जिले के समस्त मतदान केन्द्रों एवं आयोग द्वारा अधिसूचित निर्धारित स्थानों पर किया गया है। प्रारूप मतदाता सूची के प्रकाशन के संबंध में गुरुवार को संयुक्त कलेक्ट्रेट भवन सतना के सभाकक्ष में मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता अपर कलेक्टर एवं उप जिला निर्वाचन अधिकारी श्री विकास कुमार सिंह ने की। इस दौरान राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को जिले की सभी विधानसभा क्षेत्रों की मतदाता सूची, मतदान केन्द्रों की सूची, फोटोरहित सीडी एवं आयोग द्वारा जारी निर्वाचन कार्यक्रम उपलब्ध कराया गया। बैठक में भाजपा से श्री विनोद अग्रवाल, कांग्रेस से श्री दुर्गेश चौरसिया, मोहम्मद शाबिर खान, आम आदमी पार्टी से डॉ. अमित सिंह तथा बसपा से श्री कृष्ण किशोर उपस्थित रहे। इसके साथ ही निर्वाचन पर्यवेक्षक के.बी. त्रिपाठी एवं अशोक कुमार आदिवासी भी मौजूद रहे।
अपर कलेक्टर एवं उप जिला निर्वाचन अधिकारी श्री विकास सिंह ने बताया कि एसआईआर की अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन 21 फरवरी 2026 को किया गया था। उस समय जिले में कुल मतदाताओं की संख्या 11 लाख 83 हजार 382 थी। 12 नवंबर 2026 को प्रकाशित प्रारूप मतदाता सूची में मतदाताओं की कुल संख्या बढ़कर 12 लाख 651 हो गई है। मतदान केन्द्रों के युक्तियुक्तकरण के दौरान जिले में 12 मतदान केन्द्रों की वृद्धि हुई है। पूर्व में जिले में कुल 1522 मतदान केन्द्र थे, जो अब बढ़कर 1534 हो गए हैं। जिले में पीडब्ल्यूडी मतदाताओं की संख्या 13305 है। 85 वर्ष से अधिक आयु के मतदाताओं की संख्या 7686 तथा 100 से 109 वर्ष आयु वर्ग के मतदाताओं की संख्या 93 है। इसी प्रकार जिले में सर्विस वोटर्स की संख्या 2781 दर्ज की गई है।
Chief Electoral Officer Madhya Pradesh
#JansamparkMP
#सतना