रीवा सांसद बोले- किसान सिर्फ तीन माह काम करता है बाकी नौ माह ताश, राजश्री बोतल और चोंगी (गांजा) पीता है...!
मध्य प्रदेश के रीवा से भाजपा सांसद जनार्दन मिश्रा का किसानों की जीवनशैली को लेकर दिया गया एक बयान सोशल मीडिया और राजनीतिक हलकों में काफी चर्चा और विवाद का विषय बना हुआ है।मऊगंज जिले के रकरी ग्राम पंचायत में आयोजित एक जिला स्तरीय गोवर्धन पूजा कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उन्होंने यह टिप्पणी की थी। कार्यक्रम के दौरान उन्होंने कहा कि आज के किसान पहले जैसे नहीं रहे और अब वे काफी बदल गए हैं तथा 'कंफर्ट' पसंद करने लगे हैं। उन्होंने मंच से सवाल किया कि किसान साल में 3 महीने मेहनत करते हैं, बाकी के 9 महीने क्या करते हैं? इसके बाद उन्होंने वहां मौजूद लोगों की प्रतिक्रिया को आगे बढ़ाते हुए कहा कि आज का किसान साल में सिर्फ 3 महीने मेहनत करता है और बाकी 9 महीने ताश, राजश्री, बोतल, चोंगी (गांजा) और 'जय भोले' में बिताता है।सांसद यह टिप्पणी खेती में घटती आमदनी, मुनाफे और बदलती परिस्थितियों पर अपनी बात रखते हुए कर रहे थे। इसी कार्यक्रम में उन्होंने किसानों से पारंपरिक खेती के साथ-साथ पशुपालन की ओर भी ध्यान देने की अपील की थी, ताकि फसल खराब होने की स्थिति में उनके पास आमदनी का एक वैकल्पिक जरिया (दूध उत्पादन) उपलब्ध रहे।