जोशीमठ हेलीकॉप्टर हादसा: सभी छह मृतकों के पार्थिव शरीर रेस्क्यू कर सड़क मार्ग तक पहुंचाए गए,
हेलीकॉप्टर से एम्स ऋषिकेश भेजे!!
सेना, आईटीबीपी, एसडीआरएफ, एनडीआरएफ, पुलिस और प्रशासन की संयुक्त टीम ने दुर्गम पहाड़ी क्षेत्र में चलाया चुनौतीपूर्ण रेस्क्यू अभियान।
चमोली। जोशीमठ के समीप हुए भीषण हेलीकॉप्टर दुर्घटना में जान गंवाने वाले सभी छह लोगों के पार्थिव शरीरों को रेस्क्यू कर सुरक्षित सड़क मार्ग तक पहुंचा दिया गया है। दुर्गम एवं ऊंचाई वाले पहाड़ी क्षेत्र में विषम परिस्थितियों के बीच विभिन्न बचाव दलों ने संयुक्त रूप से अभियान चलाकर रेस्क्यू कार्य को अंजाम दिया।
रेस्क्यू अभियान में भारतीय सेना, भारत-तिब्बत सीमा पुलिस (आईटीबीपी), राज्य आपदा प्रतिवादन बल (एसडीआरएफ), राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एनडीआरएफ), पुलिस, जिला प्रशासन एवं वन विभाग की टीमें शामिल रहीं। बचाव दलों के जवानों ने कठिन पहाड़ी रास्तों और चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों के बीच पैदल घटनास्थल तक पहुंचकर सभी छह मृतकों के पार्थिव शरीरों को बाहर निकाला।