गिलुंड के सरपंच बनते ही एक्टिव मोड में आए श्रवण महाराज, गांव की सड़कों-गलियों को रोशनी से जगमगाया।
दैनिक वीरधरा राजस्थान।
चित्तौड़गढ़।ग्राम पंचायत गिलुंड के नवनिर्वाचित सरपंच श्रवण कुमार शर्मा सरपंच बनते ही एक्शन मोड में आ गए हैं। कुर्सी सम्भालने से पहले गांव की जिम्मेदारियों को संभाल लिया और गांव के विकास कार्यों को गति देना शुरू कर दिया है। चुनावी वादों को पूरा करने के क्रम में उन्होंने पूरे गांव में रोड लाइटें और मुख्य चौराहे पर बड़ी हैलोजन लाइट लगवाकर पूरे गांव को रोशनी से जगमगा दिया।
बरसों बाद गलियों में दिखा उजाला, ग्रामीणों में खुशी
गिलुंड के ग्रामीणों का कहना है कि बरसों बाद गांव की गलियों और सड़कों पर इस तरह का उजाला देखने को मिला है। पहले शाम ढलते ही गांव की सभी गलियों में अंधेरा पसर जाता था, जिससे महिलाओं, बुजुर्गों और स्कूली बच्चों को आने-जाने में काफी परेशानी होती थी, कई बार ग्राम पंचायत के सरपँच को अवगत करवाया था लेकिन फिर भी कोई सुनवाई नही हुई थी और पिछले 7 सालों में ग्रामवासी विकास को तरसते रहे, लेकिन अब नई रोड लाइटें लगने से पूरी पंचायत में दूधिया रोशनी फैल गई है।
मुख्य चौराहे पर बड़ी हैलोजन लाइट लगने से अब देर रात तक भी चौराहे पर चहल-पहल और सुरक्षा दोनों बनी रहेगी।
एक बुजुर्ग ग्रामीण ने बताया कि "हमने बरसों बाद अपनी व गांव की सभी गलियों में इतना उजाला देखा है। श्रवण महाराज ने सरपंच बनते ही जो काम किया है, वह काबिले तारीफ है।"
विकास ही पहला एजेंडा - सरपँच श्रवण महाराज
इस अवसर पर सरपंच श्रवण महाराज ने कहा कि उनका पहला लक्ष्य गिलुंड को अंधेरे से उजाले की ओर ले जाना था और उन्होंने इसकी शुरुआत कर दी है। उन्होंने कहा, "जनता ने जो विश्वास मुझ पर जताया है, मैं उस पर खरा उतरूंगा। रोड लाइट तो सिर्फ शुरुआत है, आने वाले दिनों में पानी, सफाई, सड़क और शिक्षा के क्षेत्र में भी बड़े काम किए जाएंगे।"
ग्रामीणों में इस नई पहल को लेकर खासा उत्साह है और जगह-जगह सरपंच शर्मा की इस सक्रियता की चर्चा हो रही है।