-साधुमार्गी जैन संघ के 1031 साधकों ने रचा इतिहास, उदयपुर में भव्य ‘1008 सामायिक-आत्मशुद्धि महोत्सव’ संपन्न
- बिना लाइट, पंखे और मोबाइल के हुई सामूहिक सामायिक, रामामृतम् ध्यान साधना से आध्यात्मिक वातावरण हुआ भावमय
@followers @top fans News 24 Udaipur
#udaipur #viralpost #nonfollowers #jainism
उदयपुर, 27 जुलाई। साधुमार्गी जैन संघ की पावन साधना स्थली एवं आचार्य नानालाल महाराज के पाट पर विराजित वर्तमान आचार्य रामलाल महाराज की आचार्य पदारोहण स्थली पौषधशाला में रविवार को 1008 सामायिक - आत्मशुद्धि का महोत्सव श्रद्धा, अनुशासन और आध्यात्मिक वातावरण के बीच ऐतिहासिक रूप से संपन्न हुआ। इस अवसर पर 1031 श्रावक-श्राविकाओं ने सामूहिक सामायिक कर धर्म आराधना करते हुए एक नया इतिहास रच दिया।
साधुमार्गी जैन संघ के अध्यक्ष सागर गोलछा ने बताया कि सादगी और आध्यात्मिक अनुशासन से परिपूर्ण इस आयोजन ने उपस्थित साधकों को आत्मशुद्धि और ध्यान की गहन अनुभूति कराई। उन्होनें बताया कि इंदौर से पधारे रामामृतम् ध्यान प्रकल्प के राष्ट्रीय संयोजक मनीष बोहरा के सानिध्य में सामायिक के साथ विशेष रामामृतम् ध्यान साधना का आयोजन हुआ। उनकी ध्यान साधना से उपस्थित साधकों ने आत्मिक शांति, ऊर्जा और आध्यात्मिक आनंद का अनुभव किया। यह विशेष 1008 सामायिक कार्यक्रम वीर पिता सुनील मेहता के आवाहन पर आयोजित किया गया। इस अवसर पर शासन दीपिका सुशीला कंवरजी महाराज का पावन सानिध्य प्राप्त हुआ। उन्होंने नवदीक्षिता श्री राम कर्णिका श्रीजी महाराज की गुप्त दीक्षा के अनुमोदन में अपने प्रेरक उद्बोधन से श्रद्धालुओं को भाव-विभोर कर दिया। कार्यक्रम सामायिक बिना लाइट, पंखे और मोबाइल के संपन्न हुआ।
साधुमार्गी जैन संघ के अध्यक्ष सागर गोलछा ने आयोजन की सफलता पर सभी धर्मप्रेमी बंधुओं का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह आयोजन संघ के इतिहास में एक स्वर्णिम अध्याय के रूप में सदैव स्मरणीय रहेगा। उन्होंने धर्मपरायणता, गुरु भक्ति और संघ के प्रति समर्पण की भावना को इस आयोजन की सबसे बड़ी उपलब्धि बताया। कार्यक्रम की सफलता में समता महिला मंडल, समता युवा संघ एवं समता बहू मंडल का उल्लेखनीय सहयोग रहा। कार्यक्रम का प्रभावी संचालन साधुमार्गी जैन संघ के मंत्री आशीष सहलोत ने किया।
Girwa, Udaipur | Jul 27, 2026