कहीं प्लेटफार्म पर छूटा, कहीं ट्रेन में चार्जिंग पर रह गया मोबाइल—रेलवे सुरक्षा बल ने दोनों यात्रियों तक पहुंचाया
भरतपुर में ‘ऑपरेशन अमानत’ के तहत करीब 48 हजार रुपये मूल्य के दो मोबाइल सुरक्षित लौटाए
कोटा। सफर की जल्दबाजी और स्टेशन की भागदौड़ में यात्रियों से सामान छूट जाना आम बात है, लेकिन समय पर मिली सूचना और रेलवे सुरक्षा बल की तत्परता से दो यात्रियों के कीमती मोबाइल सुरक्षित उनके हाथों तक पहुंच गए। भरतपुर में अलग-अलग मामलों में करीब 48 हजार रुपये मूल्य के दो मोबाइल फोन बरामद कर उनके वास्तविक मालिकों को लौटाए गए।
एक मामले में भरतपुर रेलवे स्टेशन पर प्लेटफार्म गश्त के दौरान रेलवे सुरक्षा बल के आरक्षक देशराज और मोनू को एक इंफिनिक्स कंपनी का मोबाइल फोन लावारिस हालत में पड़ा मिला। मोबाइल की अनुमानित कीमत करीब 25 हजार रुपये थी। दोनों कर्मचारियों ने मोबाइल को सुरक्षित रेलवे सुरक्षा बल पोस्ट भरतपुर पर जमा करा दिया।
कुछ समय बाद गांधीनगर कॉलोनी, भरतपुर निवासी 32 वर्षीय विशाल पुत्र कन्हैया सिंह पोस्ट पर पहुंचे। उन्होंने बताया कि वे अपने भाई को ट्रेन में बैठाने के लिए भरतपुर स्टेशन आए थे और इसी दौरान उनका मोबाइल कहीं गुम हो गया। मोबाइल की पहचान और बिल प्रस्तुत करने के बाद आवश्यक सत्यापन किया गया तथा फोन उन्हें सही हालत में सुपुर्द कर दिया गया।
दूसरे मामले में गाड़ी संख्या 12415 से उज्जैन से भरतपुर की यात्रा कर रहे बूथवारी कला, पुलिस थाना दहरा मोर, जिला भरतपुर निवासी 31 वर्षीय विसवेंद्र पुत्र अमर सिंह जल्दबाजी में अपना रेडमी कंपनी का मोबाइल फोन ट्रेन में चार्जिंग पर लगा छोड़ गए। मोबाइल की अनुमानित कीमत करीब 23 हजार रुपये थी।
विसवेंद्र कोच संख्या एस-3 की बर्थ संख्या 80 पर यात्रा कर रहे थे। सूचना मिलने पर कार्रवाई करते हुए मोबाइल को मथुरा में सुरक्षित प्राप्त कर भरतपुर रेलवे सुरक्षा बल पोस्ट भिजवाया गया। यात्री को इसकी जानकारी दी गई और पोस्ट पर पहुंचने के बाद मोबाइल की पहचान तथा बिल के सत्यापन पर फोन उन्हें सुपुर्द कर दिया गया।