बायोकेम इथेनॉल फैक्ट्री में करंट लगने से मजदूर की मौत, परिजनों ने लगाया लापरवाही का आरोप
मृतक की पहचान मनीष मोगिया के रूप में, फैक्ट्री बंद करने की मांग को लेकर हाईवे पर प्रदर्शन
मल्हारगढ़। नीमच-मंदसौर सीमा के पास मल्हारगढ़ थाना क्षेत्र अंतर्गत चंगेरी स्थित बायोकेम इथेनॉल फैक्ट्री में रविवार को करंट लगने से एक मजदूर की मौत की सूचना सामने आई है। मृतक की पहचान मनीष मोगिया के रूप में बताई जा रही है, जो मजदूरी के लिए फैक्ट्री गया था।
घटना के बाद परिजनों और ग्रामीणों में आक्रोश है। परिजनों ने फैक्ट्री प्रबंधन पर लापरवाही के आरोप लगाते हुए फैक्ट्री को बंद करने और मामले में जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। विरोध के चलते हाईवे पर जाम की स्थिति बन गई। कांग्रेस नेता श्यामलाल जोकचंद भी मौके पर मौजूद बताए जा रहे हैं।
घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की। फिलहाल करंट लगने की परिस्थितियों और फैक्ट्री प्रबंधन की भूमिका को लेकर पुलिस द्वारा जांच की जा रही है।