तितरोद में पेट्रोल-डीजल से भरे टैंकर के टायर से निकला धुआं, टला बड़ा हादसा
तितरोद। रात के समय तितरोद के मुख्य भारत माता चौराहे पर पेट्रोल-डीजल से भरे एक टैंकर के टायरों से अचानक तेज धुआं निकलने लगा, जिससे मौके पर अफरा-तफरी और चिंता का माहौल बन गया। बताया जा रहा है कि टैंकर के ब्रेक शू चिपकने के कारण नीचे का हिस्सा अत्यधिक गर्म हो गया था और टायरों से लगातार धुआं उठ रहा था। ड्राइवर और क्लीनर ने नजदीकी होटल से पानी लाकर गर्म हिस्से पर डालकर स्थिति को नियंत्रित करने का प्रयास किया। टैंकर के ऊपर पेट्रोल और डीजल जैसे अत्यंत ज्वलनशील पदार्थ भरे होने के कारण स्थिति बेहद जोखिमपूर्ण बताई गई। स्थानीय लोगों के प्रयास से टैंकर को चौराहे से हटाकर गांव के बाहर करवाया गया, हालांकि कुछ समय तक टैंकर वहीं खड़ा रहा। ड्राइवर ने टैंकर को चंदवासा के मेहता पंप की गाड़ी बताया। घटना का वीडियो रात का बताया जा रहा है। स्थानीय लोगों ने पुलिस-प्रशासन से पेट्रोल-डीजल परिवहन करने वाले टैंकरों की सुरक्षा व्यवस्था और तकनीकी स्थिति की जांच कराने की मांग की है, ताकि ऐसी लापरवाही के कारण किसी बड़े हादसे की आशंका को टाला जा सके।