बिना रॉयल्टी के खनिज परिवहन तथा अवैध शराब का विक्रय करने वालों पर करें कठोर कार्रवाई
कलेक्टर श्री विश्वकर्मा की अध्यक्षता में टीएल बैठक सम्पन्न
––––
कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित टीएल बैठक में कलेक्टर श्री अरूण कुमार विश्वकर्मा द्वारा समय सीमा वाले पत्रों, सीएम हेल्पलाईन, विभागीय योजनाओं की प्रगति की विस्तृत समीक्षा करते हुए अधिकारियों को दिशा-निर्देश दिए गए। उन्होंने विभिन्न विभागों के समय-सीमा वाले पत्रों पर की जा रही कार्यवाही की समीक्षा करते हुए प्राथमिकता के साथ निर्धारित समय सीमा में कार्यवाही सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इसी प्रकार सीएम हेल्पलाईन शिकायतों के निराकरण की विभागवार समीक्षा करते हुए संतोषजनक निराकरण कराने के लिए निर्देशित किया।
बैठक में कलेक्टर श्री विश्वकर्मा ने राजस्व विभाग की समीक्षा के दौरान फार्मर रजिस्ट्री कार्य की तहसीलवार समीक्षा करते हुए सभी तहसीलदारों को शीघ्र कार्य पूर्ण कराने के निर्देश दिए। उन्होंने तहसीलवार राजस्व वसूली की स्थिति की जानकारी लेते हुए सभी तहसीलदारों को निर्देशित किया कि वार्षिक लक्ष्य के अनुरूप राजस्व वसूली कार्य में तेजी लाएं। उन्होंने लंबित राजस्व प्रकरणों का नियमानुसार निराकरण करने तथा वसूली योग्य प्रकरणों में प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा।
कलेक्टर श्री विश्वकर्मा ने खनिज विभाग की समीक्षा करते हुए बिना रॉयल्टी के खनिज परिवहन करने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने जिले में खनिजों के अवैध उत्खनन, परिवहन और भंडारण पर रोक लगाने हेतु खनिज विभाग तथा राजस्व विभाग के अधिकारियों को संयुक्त रूप से जांच कर कठोर कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
अवैध शराब के विक्रय एवं परिवहन पर करें सख्त कार्रवाई
बैठक में आबकारी विभाग की समीक्षा के दौरान कलेक्टर श्री विश्वकर्मा ने अवैध शराब के विक्रय, परिवहन पर प्रभावी रोक लगाने के निर्देश देते हुए कहा कि जिले में अवैध शराब के कारोबार में संलिप्त लोगों के विरुद्ध लगातार जांच कर कठोर कार्रवाई की जाए। उन्होंने आबकारी विभाग के अधिकारियों को संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष निगरानी रखने तथा अवैध गतिविधियों की सूचना मिलने पर तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
उच्च न्यायालय में लंबित प्रकरणों में समय पर जवाबदावा प्रस्तुत करें
कलेक्टर श्री विश्वकर्मा ने जिले से संबंधित उच्च न्यायालय में लंबित प्रकरणों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी मामलों में समय-सीमा के भीतर जवाबदावा प्रस्तुत किया जाए। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि न्यायालयीन प्रकरणों में आवश्यक दस्तावेज एवं जानकारी समय पर उपलब्ध कराई जाए, ताकि शासन का पक्ष मजबूती से प्रस्तुत किया जा सके।
शासन के अभियानों एवं योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन करें
बैठक में कलेक्टर श्री विश्वकर्मा ने विभिन्न विभागों द्वारा संचालित शासन के अभियानों एवं जनकल्याणकारी योजनाओं की प्रगति की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने मैदानी स्तर पर योजनाओं की नियमित मॉनिटरिंग करने, पात्र हितग्राहियों की पहचान करने तथा योजनाओं के क्रियान्वयन में आने वाली समस्याओं का तत्काल निराकरण करने के निर्देश दिए। अधिकारियों को विभागीय लक्ष्यों की नियमित समीक्षा कर शत-प्रतिशत उपलब्धि की दिशा में कार्य करने को कहा गया।
बैठक में नगरीय निकाय, महिला बाल विकास विभाग, स्वास्थ्य विभाग, पंचायत एवं ग्रामीण विकास, सहकारिता, कृषि, उद्यानिकी सहित अन्य विभागों की गतिविधियों, योजनाओं तथा अभियानों की समीक्षा कर अधिकारियों को दिशा-निर्देश दिए गए। कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में जिला पंचायत सीईओ श्री कमल सोलंकी, डिप्टी कलेक्टर्स तथा जिला अधिकारी उपस्थित रहे। विकासखण्डों से एसडीएम, तहसीलदार, जनपद सीईओ तथा सीएमओ वीसी के माध्यम से बैठक में उपस्थित रहे।
#Raisen Jansampark Madhya Pradesh JDjansampark Bhopal Bhopal Commissioner
Raisen, Madhya Pradesh | Sep 7, 2026