इम्माक्युलेट कॉन्सेप्शन चर्च में श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया गया मसीह राजा महापर्व
विशेष पवित्र मिस्सा के बाद निकाली गई भव्य शोभायात्रा, प्रभु यीशु के प्रेम, शांति और सेवा के संदेश को अपनाने का लिया संकल्प
बाजपुर। इम्माक्युलेट कॉन्सेप्शन चर्च, बाजपुर में रविवार को मसीह राजा का महापर्व श्रद्धा, भक्ति और हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। इस पावन अवसर पर चर्च में विशेष पवित्र मिस्सा (होली मास) का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने प्रतिभाग कर प्रभु यीशु मसीह की आराधना की और सुख-शांति एवं समृद्धि की प्रार्थना की।
पवित्र मिस्सा के उपरांत प्रभु यीशु मसीह को समर्पित भव्य शोभायात्रा निकाली गई। शोभायात्रा में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। इस दौरान पूरा वातावरण प्रभु यीशु के जयकारों और प्रार्थनाओं से भक्तिमय हो गया। श्रद्धालुओं ने प्रभु यीशु मसीह को अपना राजा एवं जीवन का मार्गदर्शक मानते हुए उनके प्रेम, सत्य, क्षमा, शांति और सेवा के संदेश को अपने जीवन में आत्मसात करने का संकल्प लिया।
इस अवसर पर वक्ताओं ने कहा कि मसीह राजा का महापर्व विश्वासियों को यह संदेश देता है कि प्रभु यीशु मसीह प्रेम, सत्य, न्याय और शांति के प्रतीक हैं। उनके बताए मार्ग पर चलकर समाज में आपसी प्रेम, एकता और भाईचारे को मजबूत किया जा सकता है। आयोजन से चर्च समुदाय में उत्साह और धार्मिक एकता का माहौल बना रहा।
इस अवसर पर पल्ली पुरोहित फादर उदय, फादर रॉबर्ट, फादर ज्यॉफ, सिस्टर विनय, सिस्टर बिनीता, मुराद मसीह, वतन, दीप्ति जॉन्सन, मीरा सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।
Bajpur, Udham Singh Nagar | Nov 22, 2026