एयर गन साफ करते समय अचानक चला फायर, युवक के पैर में लगे छर्रे
दमोह/बिछुआ। पटेरा थाना क्षेत्र के बिछुआ गांव में बुधवार रात एयर गन साफ करते समय अचानक फायर हो गया। हादसे में एयर गन से निकले छर्रे 26 वर्षीय वृंदावन पिता हीरा सिंह लोधी के पैर में जा लगे। घायल को परिजन निजी वाहन से जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टर ऐश्वर्य प्रताप सिंह ने उपचार के बाद उसे भर्ती कर लिया।
जानकारी के अनुसार वृंदावन बुधवार रात घर पर एयर गन साफ कर रहा था। इसी दौरान अचानक फायर होने से छर्रे पैर में लगे और खून निकलने लगा। घटना की सूचना पर पटेरा पुलिस ने घायल के बयान दर्ज किए। पुलिस एयर गन लाइसेंसी है या बिना लाइसेंस की, इसकी जानकारी जुटा रही है। मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।
Damoh, Damoh | Oct 2, 2026