पुलिसकर्मियों के लिए कार्डियक अवेयरनेस सेमीनार, इमरजेंसी मेडिसिन किट का विमोचन
मुरैना। सामाजिक सरोकारों और जन-जागरूकता के क्षेत्र में अग्रणी संस्था 'पहल परिवार' के तत्वावधान में रविवार को एम.एस. रोड स्थित होटल महाराजा में विशेष "कार्डियक अवेयरनेस सेमीनार" (हृदय रोग जागरूकता शिविर) का आयोजन किया गया। "स्वस्थ हृदय, सुखी जीवन" थीम पर आयोजित इस कार्यक्रम का उद्देश्य पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को तनावपूर्ण कार्यशैली के बीच हृदय स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करना था।
कार्यक्रम में पहल परिवार द्वारा "इमरजेंसी कार्डियक मेडिसिन किट" का भी विमोचन किया गया। इस किट में चार प्रकार की दवाएं शामिल हैं, जो सीने में दर्द अथवा हृदयाघात जैसी आपात स्थिति में प्रारंभिक सहायता के रूप में उपयोगी बताई गईं।
कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में एसडीएम भूपेन्द्र सिंह, रक्षित निरीक्षक रविकांत शुक्ला तथा मुख्य चिकित्सा अधिकारी पदमेश उपाध्याय उपस्थित रहे। मुख्य वक्ता के रूप में हृदय रोग विशेषज्ञ डॉ. दुश्यन्त देव ने पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को हृदय रोगों से बचाव, प्रारंभिक लक्षणों की पहचान तथा समय पर उपचार के महत्व के बारे में जानकारी दी।
सेमीनार में पुलिस विभाग के 125 अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने भाग लिया। डॉ. देव ने बताया कि पुलिसकर्मियों की ड्यूटी अत्यधिक मानसिक एवं शारीरिक तनाव वाली होती है, जिससे उनमें हृदय रोगों का खतरा बढ़ जाता है। उन्होंने हार्ट अटैक के शुरुआती लक्षणों जैसे सीने में भारीपन, अत्यधिक पसीना आना, बाएं हाथ या जबड़े में दर्द आदि के बारे में जानकारी देते हुए कहा कि ‘गोल्डन ऑवर’ के भीतर चिकित्सकीय सहायता प्राप्त करना जीवन रक्षक साबित हो सकता है।
उन्होंने स्वस्थ हृदय के लिए नियमित स्वास्थ्य जांच, प्रतिदिन 30 से 45 मिनट व्यायाम या योग, संतुलित आहार और तंबाकू व धूम्रपान से दूरी बनाए रखने की सलाह दी।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी पदमेश उपाध्याय ने पहल परिवार की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि पुलिसकर्मी अक्सर अपनी व्यस्त दिनचर्या में स्वास्थ्य की अनदेखी कर देते हैं। ऐसे जागरूकता कार्यक्रम उनके शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य को बेहतर बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
कार्यक्रम के अंत में पहल परिवार के पदाधिकारियों ने अतिथियों एवं सभी प्रतिभागियों का आभार व्यक्त किया।
इस अवसर पर डॉ. विवेक राठी, डॉ. ऋतु राठी, डॉ. अवनीश माहेश्वरी, डॉ. राकेश माहेश्वरी, अतुल माहेश्वरी, आशा सिकरवार, गौरव गुप्ता, प्रिंस गोयाल, सुभाष राठी, राजेश बांदील, संजीव पथरिया, लोकेन्द्र डंडोतिया, जयनारायण तोमर, विराट शाह, हेमा अग्रवाल, मनीष गर्ग, पवन शर्मा, अशोक भदौरिया, नितेश बंसल, समीर बांदील, प्रमोद गुप्ता, रविंद्र माहेश्वरी, पदम जैन, पुष्पा राठी और सुधीर गोयल सहित अनेक सदस्य उपस्थित रहे।