मुरैना पुलिस का मध्यरात्रि नाइट कॉम्बिंग गश्त अभियान, 209 अपराधी गिरफ्तार।
मुरैना। जिले में कानून व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने एवं अपराधियों पर प्रभावी अंकुश लगाने के उद्देश्य से मुरैना पुलिस द्वारा मध्यरात्रि में व्यापक नाइट कॉम्बिंग गश्त अभियान चलाया गया। इस विशेष अभियान में जिले के समस्त अनुभागों एवं थाना क्षेत्रों के 216 पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी शामिल रहे।
अभियान के दौरान पुलिस ने 126 स्थायी वारंटी, 81 गिरफ्तारी वारंटी एवं 2 इनामी बदमाशों सहित कुल 209 अपराधियों को गिरफ्तार किया। वहीं अपराधियों की गतिविधियों पर नजर रखने के लिए 22 हिस्ट्रीशीटरों एवं 15 जिलाबदर बदमाशों की भी सघन जांच एवं चेकिंग की गई।
मुरैना पुलिस का यह अभियान जिले में शांति एवं सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के साथ-साथ फरार आरोपियों एवं असामाजिक तत्वों के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई का हिस्सा है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि अपराध नियंत्रण एवं आमजन में सुरक्षा की भावना को मजबूत करने के लिए इस प्रकार के विशेष अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेंगे।