थरखेड़ा गांव में शराब दुकान में तोड़फोड़, 8-10 अज्ञात सहित 7 नामजद पर केस
करैरा। शिवपुरी जिले के अमोला थाना क्षेत्र के थरखेड़ा गांव में 9 सितंबर की रात शराब दुकान में घुसकर देसी और अंग्रेजी शराब की पेटियां सड़क पर फेंककर तोड़ने के मामले में पुलिस ने केस दर्ज किया है। पुलिस ने मोनू ठाकुर, बृजेश जाटव, पंजाब सिंह बघेल, अजब सिंह बघेल, रामबाई आदिवासी, राजू वैस और दौलत ठाकुर सहित 8 से 10 अज्ञात लोगों को आरोपी बनाया है। बताया गया है कि बुधवार रात करीब 9 बजे ग्रामीण शराब दुकान में पहुंचे थे। आक्रोशित लोगों ने दुकान में रखी शराब की पेटियां बाहर सड़क पर फेंक दीं और लाठियों से शराब की बोतलें तोड़ दी थीं। घटना के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू की। अमोला पुलिस ने शुक्रवार सुबह करीब 8 बजे कार्रवाई की जानकारी देते हुए बताया कि मामले में नामजद आरोपियों के साथ 8 से 10 अज्ञात लोगों के खिलाफ भी प्रकरण दर्ज किया गया है।
Karera, Shivpuri | Sep 11, 2026