शराब के खिलाफ नारीशक्ति का रौद्र रूप
नरवर के थरखेड़ा गांव में महिलाओं का फूटा गुस्सा, शराब की पेटियां दुकान से निकालकर सड़क पर फेंकीं
शिवपुरी/नरवर। शिवपुरी जिले की नरवर तहसील क्षेत्र के ग्राम थरखेड़ा में शराब के विरोध में महिलाओं का आक्रोश खुलकर सामने आया। शराब कारोबार को लेकर नाराज महिलाओं ने एकजुट होकर विरोध प्रदर्शन किया और शराब की दुकान से शराब की पेटियां बाहर निकालकर सड़क पर फेंक दीं।
महिलाओं का कहना है कि गांव में शराब की बिक्री के कारण कई परिवारों का माहौल प्रभावित हो रहा है। उनका आरोप है कि मेहनत-मजदूरी से कमाई गई रकम शराब में खर्च होने से परिवारों की आर्थिक स्थिति पर भी असर पड़ रहा है। महिलाओं ने प्रशासन से शराब कारोबार पर रोक लगाने और मामले में प्रभावी कार्रवाई की मांग की।
महिलाओं का कहना है कि लंबे समय से वे शराब के खिलाफ अपनी आवाज उठा रही हैं। उनका आरोप है कि शिकायतों के बावजूद अपेक्षित कार्रवाई नहीं होने से उनका आक्रोश बढ़ता गया और आखिरकार उन्होंने खुद सड़क पर उतरकर विरोध दर्ज कराया।
विरोध के दौरान मौके पर पुलिस की मौजूदगी भी दिखाई दी। इसके बावजूद महिलाओं का आक्रोश कम नहीं हुआ। महिलाओं ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि गांव में शराब के कारोबार को लेकर वे पीछे हटने वाली नहीं हैं और प्रशासन से ठोस कदम उठाने की मांग जारी रखेंगी।
घटना के बाद गांव में काफी देर तक हलचल और तनाव का माहौल बना रहा। अब बड़ा सवाल यह है कि महिलाओं के इस विरोध के बाद प्रशासन और आबकारी विभाग शराब कारोबार को लेकर क्या कार्रवाई करते हैं?
P.NEWZ INDIA | पत्रकार राम मनोहर मिश्रा
“सच के साथ हर कदम”