सेवा संकल्प अभियान को लेकर तैयारियां तेज, 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक होंगे विभिन्न कार्यक्रम
यमुनानगर, 16 सितंबर। (राष्ट्रीय कदम) ब्यूरो: हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने बुधवार को चंडीगढ़ से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से सेवा संकल्प अभियान के तहत 17 सितंबर से 17 अक्टूबर 2026 तक आयोजित होने वाले विभिन्न कार्यक्रमों एवं गतिविधियों की तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को सभी कार्यक्रमों का भव्य आयोजन सुनिश्चित करने तथा इनमें आमजन की अधिक से अधिक भागीदारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के 25 वर्ष के सेवा समर्पण के उपलक्ष्य में एक माह तक विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इनमें आशीर्वाद का दीया, सेवा चित्र, सेवा स्मरण, आंगन का मिलन, कहानी बदलाव की, विकसित भारत संकल्प यात्रा, सेवा ज्योति यात्रा, 25 साल-25 कहानी, सेवा मेरा योगदान, सेवा सेतु अभियान, सेवा रंग, हैकाथॉन एवं इनोवेशन चैलेंज, जन सेवक महाकुंभ तथा वडनगर से वाराणसी सहित कई कार्यक्रम शामिल हैं।
उन्होंने कहा कि आशीर्वाद का दीया कार्यक्रम के तहत सरकारी भवनों, प्रमुख परियोजनाओं, धार्मिक स्थलों, गौशालाओं, अमृत सरोवरों और अन्य प्रमुख स्थानों पर दीप प्रज्ज्वलित किए जाएं। मुख्यमंत्री ने सभी कार्यक्रमों में जनभागीदारी सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया।
वीसी के दौरान उपायुक्त प्रीति ने मुख्यमंत्री को आश्वस्त किया कि सरकार की ओर से जारी दिशा-निर्देशों के अनुरूप जिले में सभी कार्यक्रमों का बेहतर एवं भव्य आयोजन किया जाएगा। वीसी के बाद उन्होंने संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्देश दिए कि कार्यक्रमवार निर्धारित जिम्मेदारियों का गंभीरता से निर्वहन करें। उन्होंने कहा कि सभी विभाग आपसी समन्वय और जनभागीदारी के साथ सेवा संकल्प अभियान को सफल बनाएं।
उपायुक्त ने बताया कि अभियान की शुरुआत 17 सितंबर को आशीर्वाद का दीया प्रज्ज्वलित करके की जाएगी। इसके लिए जिले में आवश्यक तैयारियां पूरी की जा रही हैं।
इस अवसर पर अतिरिक्त उपायुक्त नवीन आहूजा, सीईओ जिला परिषद ब्रह्म प्रकाश, आयुक्त नगर निगम महाबीर प्रसाद, एएमसी धीरज कुमार, सीटीएम पीयूष गुप्ता, डीआरओ तरुण सहोता, डीडीपीओ नरेन्द्र सिंह, डीआईपीआरओ डॉ. मनोज कुमार, डीईसीटी (एक्साइज) जितेन्द्र राघव, एमएसएमई से रोहित सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।