प्रोफेशनल मेकअप एवं हेयरस्टाइल पर एक दिवसीय सेमिनार आयोजित
यमुनानगर। (राष्ट्रीय कदम) ब्यूरो: गुरु नानक गर्ल्स कॉलेज, यमुनानगर के ब्यूटी कल्चर एवं कॉस्मेटोलॉजी विभाग की ओर से विद्यार्थियों को सौंदर्य प्रसाधन एवं हेयर स्टाइलिंग के क्षेत्र में व्यावसायिक ज्ञान और व्यावहारिक कौशल प्रदान करने के उद्देश्य से “प्रोफेशनल मेकअप एवं हेयरस्टाइल” विषय पर एक दिवसीय निःशुल्क सेमिनार का आयोजन किया गया। कार्यक्रम कॉलेज महासचिव मनोरंजन सिंह साहनी, कॉलेज निर्देशिका डॉ. वरिंदर गांधी तथा प्राचार्या डॉ. सुखविंदर कौर के दिशा-निर्देशन में आयोजित हुआ।
सेमिनार में प्रोफेशनल मेकअप आर्टिस्ट श्रीमती पूनम बाली तथा प्रोफेशनल हेयर स्टाइलिस्ट सुश्री स्वाति बाली ने रिसोर्स पर्सन के रूप में विद्यार्थियों का मार्गदर्शन किया। विशेषज्ञों ने विद्यार्थियों को मेकअप एवं हेयर स्टाइलिंग की नवीन तकनीकों, आधुनिक ट्रेंड्स तथा इस क्षेत्र में उपलब्ध विभिन्न व्यावसायिक संभावनाओं की जानकारी दी।
कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण लाइव मेकअप एवं एडवांस हेयरस्टाइल की स्टेज पर प्रत्यक्ष प्रस्तुति रहा। रिसोर्स पर्सन्स ने लाइव डेमोंस्ट्रेशन के माध्यम से मेकअप की विभिन्न तकनीकों तथा एडवांस हेयरस्टाइल को चरणबद्ध तरीके से समझाया। विद्यार्थियों ने इन तकनीकों को करीब से देखकर उनके व्यावहारिक पहलुओं को समझा तथा विशेषज्ञों से अपने प्रश्नों के उत्तर भी प्राप्त किए।
लाइव डेमोंस्ट्रेशन में विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। इस दौरान खुशबू ने प्रथम, महक ने द्वितीय तथा मुस्कान ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। विजेता विद्यार्थियों के प्रदर्शन की सराहना की गई।
विभाग की ओर से कहा गया कि इस प्रकार के व्यावहारिक एवं कौशल-आधारित कार्यक्रम विद्यार्थियों को आत्मनिर्भर बनने, रोजगार के नए अवसर तलाशने तथा ब्यूटी एवं कॉस्मेटोलॉजी के क्षेत्र में करियर बनाने के लिए प्रेरित करते हैं। ऐसे आयोजन विद्यार्थियों में रचनात्मकता, आत्मविश्वास और व्यावसायिक दक्षता विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
कार्यक्रम के अंत में रिसोर्स पर्सन्स का आभार व्यक्त किया गया। आयोजकों ने कहा कि विशेषज्ञों के अनुभव एवं व्यावहारिक ज्ञान से विद्यार्थियों को निश्चित रूप से लाभ मिला और सेमिनार ने उन्हें आधुनिक सौंदर्य एवं हेयर स्टाइलिंग के क्षेत्र की नई तकनीकों से परिचित करवाया।