विश्व डिस्लेक्सिया दिवस पर दिव्यांगजनों से भेंट, सहायक उपकरणों का वितरण
#सेवा_संकल्प_अभियान अंतर्गत सेवा मेरा योगदान’ कार्यक्रम आयोजित
------
विश्व डिस्लेक्सिया दिवस-2026 के अवसर पर सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्रालय, भारत सरकार के दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग के अंतर्गत संचालित सी.आर.सी. छतरपुर द्वारा ‘सेवा संकल्प अभियान’ अंतर्गत ‘सेवा मेरा योगदान’ के तहत दिव्यांगजनों से भेंट, सहायक उपकरण वितरण एवं डिस्लेक्सिया जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया।
कार्यक्रम के तहत पीएम श्री उत्कृष्ट शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय क्रमांक-2 से अटल सभागार, मोटे के महावीर मंदिर के पास तक जागरूकता रैली निकाली गई। रैली में विद्यार्थियों एवं संबंधितजनों ने सहभागिता कर डिस्लेक्सिया के प्रति जागरूकता एवं सहयोग का संदेश दिया।
मुख्य कार्यक्रम में वन एवं पर्यावरण राज्यमंत्री श्री दिलीप अहिरवार मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उन्होंने दिव्यांगजनों एवं उनके अभिभावकों से भेंट कर उनकी आवश्यकताओं और समस्याओं की जानकारी ली। कार्यक्रम में 40 हितग्राहियों को लगभग 5 लाख रुपए की राशि के सहायक उपकरण वितरित किए गए।
राज्यमंत्री श्री दिलीप अहिरवार ने कहा कि ‘सेवा मेरा योगदान’ के माध्यम से दिव्यांगजनों को सहयोग और समान अवसर उपलब्ध कराने के लिए सभी को मिलकर प्रयास करना चाहिए।
कार्यक्रम में डिस्लेक्सिया की पहचान, उससे जुड़ी कठिनाइयों तथा बच्चों को आवश्यक शैक्षणिक एवं सहयोगात्मक वातावरण उपलब्ध कराने के संबंध में जागरूक किया गया। अभिभावकों एवं शिक्षकों से बच्चों की क्षमताओं और आवश्यकताओं को समझते हुए उचित सहयोग प्रदान करने का आह्वान किया गया।
सी.आर.सी. छतरपुर द्वारा दिव्यांगजनों एवं उनके अभिभावकों को विशेष शिक्षा, फिजियोथेरेपी, स्पीच एवं लैंग्वेज थेरेपी, डेवलपमेंटल थेरेपी सहित विभिन्न पुनर्वास सेवाओं एवं शासकीय योजनाओं की जानकारी भी दी गई। कार्यक्रम में सी.आर.सी. के अधिकारी-कर्मचारी, विद्यार्थी, दिव्यांगजन, अभिभावक एवं संबंधितजन उपस्थित रहे।
Jansampark Madhya Pradesh #chhatarpur