कैंथली कोटला में वॉलीबॉल प्रतियोगिता का आगाज
छिंज मेले के उपलक्ष्य में विभिन्न क्षेत्रों की टीमें ले रही हिस्सा
सुरेंद्र ठाकुर
चुराह, 1 सितंबर। जिला चंबा के चुराह विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत छिंज मेला कमेटी कैंथली कोटला द्वारा मंगलवार को वॉलीबॉल प्रतियोगिता का शुभारंभ किया गया। प्रतियोगिता के उद्घाटन अवसर पर राजकीय माध्यमिक विद्यालय कैंथली के कला अध्यापक राज कुमार ने बतौर मुख्यातिथि शिरकत की।
मेला कमेटी के पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने मुख्यातिथि का गर्मजोशी से स्वागत किया। इस दौरान राज कुमार को शॉल, टोपी, बैच एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया।
मुख्यातिथि राज कुमार ने प्रतियोगिता के सफल आयोजन के लिए मेला कमेटी को बधाई दी। उन्होंने कहा कि खेल युवाओं को नशे जैसी सामाजिक बुराइयों से दूर रखने के साथ-साथ उनमें अनुशासन, टीम भावना और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की भावना विकसित करते हैं। उन्होंने खिलाड़ियों से खेल भावना के साथ प्रतियोगिता में भाग लेने का आह्वान किया।
मेला कमेटी के पदाधिकारियों ने बताया कि 2 सितंबर 2026 को आयोजित होने वाले भव्य छिंज मेले के उपलक्ष्य में वॉलीबॉल प्रतियोगिता करवाई जा रही है, जिसमें विभिन्न क्षेत्रों की टीमें भाग ले रही हैं। प्रतियोगिता को लेकर खिलाड़ियों और खेल प्रेमियों में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है।
कार्यक्रम में मेला कमेटी के सदस्य, स्थानीय गणमान्य व्यक्ति तथा बड़ी संख्या में खेल प्रेमी मौजूद रहे।
#PangiLiveNews #Churah #KainthliKotla #Volleyball #ChinjMela #ChambaNews #HimachalNews
Chamba, Chamba | Sep 1, 2026