आईएचआईपी एवं आईडीएसपी के तहत लैब टेक्नीशियन व सीएचओ का एक दिवसीय प्रशिक्षण आयोजित
सुरेंद्र ठाकुर
चम्बा, 3 सितम्बर।
स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग, जिला चम्बा की ओर से एकीकृत स्वास्थ्य सूचना प्लेटफार्म (IHIP) एवं एकीकृत रोग निगरानी कार्यक्रम (IDSP) के अंतर्गत लैब टेक्नीशियन एवं कम्युनिटी हेल्थ ऑफिसरों के लिए एक दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम मुख्य चिकित्सा अधिकारी चम्बा के सभागार में हुआ, जिसकी अध्यक्षता मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. जालम भारद्वाज ने की।
प्रशिक्षण के दौरान डॉ. जालम भारद्वाज ने IHIP एवं IDSP के महत्व और कार्यप्रणाली की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि इन कार्यक्रमों का उद्देश्य सामुदायिक स्तर पर संक्रामक एवं असंक्रामक रोगों की निगरानी करना तथा बीमारी के फैलने की स्थिति में समय रहते आवश्यक कदम उठाकर उसके प्रसार को रोकना है।
उन्होंने कहा कि विभिन्न बीमारियों से संबंधित सूचनाओं और रिपोर्टों को निर्धारित समय पर IDSP-IHIP पोर्टल पर ऑनलाइन दर्ज करना बेहद जरूरी है, ताकि किसी भी संभावित बीमारी के प्रकोप की जानकारी समय पर मिल सके और उसे महामारी का रूप लेने से पहले नियंत्रित किया जा सके।
डॉ. भारद्वाज ने प्रतिभागियों को निर्देश दिए कि वे अपने-अपने ब्लॉक स्तर पर संबंधित रिपोर्टों की प्रतिदिन निर्धारित समय पर सही एवं नियमित ऑनलाइन एंट्री सुनिश्चित करें तथा आवश्यक सूचनाएं समय पर जिला मुख्यालय को भेजें। उन्होंने कहा कि सटीक और समयबद्ध रिपोर्टिंग से जिला एवं राज्य स्तर पर बीमारियों की स्थिति की लगातार निगरानी करने में मदद मिलेगी और आवश्यकता पड़ने पर तत्काल कार्रवाई की जा सकेगी।
कार्यक्रम में जिला स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. कविता महाजन एवं जिला कार्यक्रम अधिकारी डॉ. हरित पुरी भी उपस्थित रहे।
Chamba, Chamba | Sep 3, 2026