पार्किंग के लिए आरक्षित भूमि पर बने चबूतरे पर नगर निगम की कार्रवाई
चेतक मॉल के बाहर 80 फीट लंबे एवं 10 फीट चौड़े चबूतरे को हटाने की कार्रवाई शुरू, शेष हिस्सा शुक्रवार सुबह ब्रेकर से हटाया जाएगा
उदयपुर। शहर में यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाने एवं पार्किंग की समस्या के समाधान के लिए नगर निगम महापौर पारस सिंघवी के निर्देश पर अतिक्रमण के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में गुरुवार को चेतक सर्कल स्थित चेतक मॉल के बाहर पार्किंग के लिए आरक्षित भूमि पर बनाए गए चबूतरे को नगर निगम ने हटाने की कार्रवाई प्रारंभ की।
चेतक सर्कल स्थित बहुमंजिला चेतक मॉल के बाहर पार्किंग के लिए आरक्षित भूमि पर अवैध रूप से चबूतरे का निर्माण कर दिया गया था। यह चबूतरा लगभग 80 फीट लंबा एवं 10 फीट चौड़ा था। इसके कारण मॉल में आने वाले ग्राहकों को अपने वाहन पार्क करने में परेशानी हो रही थी। पार्किंग के अभाव में लोग अपने वाहन सड़क पर खड़े कर रहे थे, जिससे क्षेत्र में यातायात बाधित होने के साथ ही आवागमन में भी भारी समस्या उत्पन्न हो रही थी। इस संबंध में नगर निगम आयुक्त अभिषेक खन्ना द्वारा पूर्व में संपत्ति मालिक को नियमानुसार नोटिस जारी कर अपने स्तर पर चबूतरा हटाने के निर्देश दिए गए थे। लेकिन नोटिस के बावजूद संबंधित संपत्ति मालिक द्वारा चबूतरा नहीं हटाया गया। इस पर नगर निगम ने गुरुवार को कार्रवाई करते हुए चबूतरे को हटाने का कार्य प्रारंभ किया। चबूतरे की मजबूती के कारण कार्रवाई के दौरान अभी तक लगभग एक चौथाई हिस्सा ही तोड़ा जा सका है। शेष हिस्से को हटाने का कार्य शुक्रवार सुबह ब्रेकर की सहायता से पुनः प्रारंभ किया जाएगा।
नगर निगम की इस कार्रवाई से पार्किंग के लिए आरक्षित भूमि अब वाहनों की पार्किंग के उपयोग में लाई जा सकेगी। इससे मॉल में आने वाले ग्राहकों को वाहन पार्क करने की सुविधा मिलेगी तथा सड़क पर अव्यवस्थित रूप से खड़े होने वाले वाहनों की समस्या से भी राहत मिलेगी।
नगर निगम महापौर पारस सिंघवी ने स्पष्ट किया कि शहर में पार्किंग के लिए निर्धारित स्थानों पर किसी भी प्रकार का अवैध निर्माण अथवा अतिक्रमण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने एवं आमजन को राहत देने के लिए निगम द्वारा ऐसे अतिक्रमणों के खिलाफ निरंतर कार्रवाई की जाएगी।
कार्यवाही के दौरान राजस्व अधिकारी नितेश भटनागर, राजस्व निरीक्षक मोहित अग्निहोत्री, विजय जैन, राहुल मीणा, सहायक नगर नियोजक सुचिता कोठारी, विजय डामोर, श्रद्धा जैन, कार्यालय वरिष्ठ सहायक जितेंद्र मेघवाल, सुरेश मेघवाल, नगर नियोजक सहायक गोवर्धन कुमाव