बलिया नगर परिषद में भ्रष्टाचार और विकास राशि के दुरुपयोग का आरोप, उच्चस्तरीय जांच की मांग करेंगे राकेश रौशन ‘मुन्ना’
RTI के आंकड़ों के आधार पर LED बोर्ड और हाईमास्ट लाइट खरीद में वित्तीय अनियमितताओं का उठाया मामला, 800 तिरंगा लाइटों में 700 खराब होने का दावा
बलिया (बेगूसराय): बलिया नगर परिषद में सरकारी योजनाओं और विकास राशि के कथित दुरुपयोग को लेकर भाजपा जिला उपाध्यक्ष राकेश रौशन उर्फ ‘मुन्ना’ ने गंभीर आरोप लगाए हैं। गुरुवार को बलिया बाजार स्थित विवेक विहार में आयोजित प्रेस वार्ता के दौरान उन्होंने नगर परिषद में व्यापक भ्रष्टाचार का आरोप लगाते हुए सूचना का अधिकार (RTI) से प्राप्त जानकारी के आधार पर सरकारी खरीद में वित्तीय अनियमितताओं का मामला उठाया। उन्होंने कहा कि नगर परिषद क्षेत्र में विकास योजनाओं की राशि का भारी दुरुपयोग किया जा रहा है।
प्रेस वार्ता में राकेश रौशन ने LED डिस्प्ले बोर्ड, हाईमास्ट लाइट और तिरंगा लाइट की खरीद से जुड़े आंकड़े प्रस्तुत किए। उनके अनुसार, RTI से प्राप्त जानकारी में 10 LED डिस्प्ले बोर्ड की स्थापना पर कुल 2 करोड़ 24 लाख 85 हजार रुपये खर्च दर्शाए गए हैं, जबकि प्रति बोर्ड की लागत 22 लाख 48 हजार 500 रुपये बताई गई है। इसी प्रकार 60 हाईमास्ट लाइटों की खरीद पर कुल 4 करोड़ 95 लाख रुपये खर्च किए जाने का दावा किया गया है, जिसमें प्रति लाइट की दर 8 लाख 25 हजार रुपये दर्शाई गई है।
उन्होंने बताया कि नगर परिषद के विभिन्न वार्डों में 800 LED तिरंगा लाइट लगाने पर 23 लाख 80 हजार रुपये खर्च दिखाए गए हैं। हालांकि, उनका दावा है कि इनमें से लगभग 700 लाइटें वर्तमान में खराब और बंद पड़ी हैं तथा उनके रखरखाव की कोई व्यवस्था नहीं है।
खुले जंक्शन बॉक्स से सुरक्षा पर सवाल
राकेश रौशन ने हाईमास्ट लाइटों के नीचे खुले और असुरक्षित जंक्शन बॉक्स को लेकर भी चिंता जताई। उन्होंने आरोप लगाया कि सुरक्षा मानकों की अनदेखी के कारण विगत दिनों एक मासूम बच्चा खुले जंक्शन बॉक्स के संपर्क में आकर गंभीर रूप से दुर्घटनाग्रस्त हो चुका है। इसके बावजूद नगर परिषद प्रशासन द्वारा सुरक्षा व्यवस्था दुरुस्त नहीं की गई है।
बलिया बाजार में शौचालय और मूत्रालय की व्यवस्था नहीं
अनुमंडल व्यावसायिक संघ के अध्यक्ष के रूप में उन्होंने बलिया बाजार में सार्वजनिक सुविधाओं की कमी का मुद्दा भी उठाया। उन्होंने कहा कि बलिया अनुमंडल का सबसे बड़ा बाजार होने के बावजूद यहां ग्राहकों, व्यवसायियों और राहगीरों के लिए सुलभ शौचालय अथवा मूत्रालय की समुचित व्यवस्था नहीं है। विशेषकर महिलाओं को भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। नियमित टैक्स भुगतान के बावजूद नगरवासियों और व्यवसायियों को आवश्यक सुविधाएं नहीं मिल रही हैं।
उच्चाधिकारियों से जांच की मांग
राकेश रौशन ने बताया कि नगर के अन्य मुद्दों को लेकर तीन माह पूर्व दाखिल RTI का जवाब अब तक नहीं दिया गया है। उन्होंने मुख्य पार्षद मो. जमाल उद्दीन के कार्यकाल पर सवाल उठाते हुए आरोप लगाया कि ‘सुंदर बलिया, स्वच्छ बलिया, विकसित बलिया’ की परिकल्पना को धूमिल किया गया है और भ्रष्टाचार चरम पर है।
उन्होंने कहा कि पूरे मामले तथा RTI से प्राप्त जानकारी के आधार पर जिलाधिकारी, नगर आयुक्त, नगर विकास मंत्री और मुख्यमंत्री को शिकायत सौंपकर उच्चस्तरीय जांच की मांग की जाएगी।
प्रेस वार्ता के दौरान राकेश रौशन ‘मुन्ना’ ने नगर परिषद में कथित वित्तीय अनियमितताओं की जांच कर दोषियों के विरुद्ध कार्रवाई करने तथा बलिया बाजार में आवश्यक नागरिक सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग की।
सजग बिहार / SB Live #viralreelschallenge #BreakingNews #Begusarai #HindiNews #bihar #trendingreels #foryoupage #explorepage #fypシ