बेगूसराय में जनता दरबार: डीएम ने सुनीं 65 लोगों की शिकायतें, 16 द्वितीय अपील मामलों की भी हुई सुनवाई
भूमि विवाद, अतिक्रमण, पेंशन और आधार कार्ड से जुड़े मामले पहुंचे जनता दरबार में, अधिकारियों को समय-सीमा के भीतर निष्पादन का निर्देश
बेगूसराय: आम नागरिकों की समस्याओं के त्वरित एवं प्रभावी समाधान को लेकर शुक्रवार को समाहरणालय स्थित जिला पदाधिकारी के कार्यालय प्रकोष्ठ में जनता दरबार का आयोजन किया गया। इस दौरान जिला पदाधिकारी रिची पांडेय ने जिले के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे लोगों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं। जनता दरबार में कुल 65 आवेदन प्राप्त हुए।
जनता दरबार में मुख्य रूप से भूमि विवाद, भूमि परिमार्जन, रास्ते से संबंधित समस्याएं, अतिक्रमण, आधार कार्ड निर्माण एवं उसमें सुधार, पेंशन, थाना से संबंधित मामले सहित विभिन्न व्यक्तिगत एवं जनहित से जुड़े मुद्दे सामने आए। डीएम ने सभी आवेदकों की समस्याओं को गंभीरतापूर्वक सुनते हुए संबंधित विभागीय पदाधिकारियों को मामलों की जांच कर नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया।
जिला पदाधिकारी ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि जनता दरबार में प्राप्त आवेदनों का निष्पादन निर्धारित समय-सीमा के भीतर सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि शिकायतों का समाधान केवल कागजी कार्रवाई तक सीमित नहीं रहना चाहिए, बल्कि प्रत्येक मामले की वास्तविक स्थिति की जांच कर गुणवत्तापूर्ण एवं प्रभावी कार्रवाई की जाए। साथ ही, आवेदकों को कार्रवाई की जानकारी उपलब्ध कराने का भी निर्देश दिया, ताकि लोगों को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए अनावश्यक रूप से कार्यालयों का चक्कर नहीं लगाना पड़े।
16 द्वितीय अपील मामलों की भी हुई सुनवाई
जनता दरबार के दौरान जिला पदाधिकारी ने द्वितीय अपील के मामलों की भी सुनवाई की। इस दौरान विभिन्न विभागों से संबंधित कुल 16 मामले प्रस्तुत किए गए। सुनवाई में संबंधित विभागों के पदाधिकारी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जुड़े तथा आवश्यक जानकारी प्रस्तुत की।
डीएम रिची पांडेय ने कहा कि प्रशासन और आम नागरिकों के बीच सीधा संवाद सुशासन की महत्वपूर्ण कड़ी है। जनता दरबार के माध्यम से लोगों को अपनी समस्याएं सीधे जिला प्रशासन के समक्ष रखने का अवसर मिलता है। प्रशासन का प्रयास है कि सभी शिकायतों पर संवेदनशीलता के साथ कार्रवाई करते हुए उनका निष्पक्ष, पारदर्शी एवं समयबद्ध समाधान सुनिश्चित किया जाए।
उल्लेखनीय है कि आम नागरिकों की समस्याओं के त्वरित समाधान एवं जिला प्रशासन तक उनकी सहज पहुंच सुनिश्चित करने के उद्देश्य से प्रत्येक सप्ताह सोमवार एवं शुक्रवार को जनता दरबार का आयोजन किया जाता है। इसके माध्यम से नागरिक अपनी व्यक्तिगत एवं जनहित से जुड़ी समस्याओं को जिला प्रशासन के समक्ष प्रस्तुत कर सकते हैं। जिला प्रशासन ने आम लोगों की शिकायतों के प्रभावी निष्पादन के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई है।