पुलिस अधीक्षक विकास सांगवान ने जिले के पुलिस अधिकारियों के साथ की अपराध समीक्षा बैठक, पंचायत चुनावों की तैयारियों सहित विभिन्न बिंदुओं पर दिए आवश्यक दिशा-निर्देश*
*पंचायत चुनावों के मद्देनजर कानून-व्यवस्था सुदृढ़ रखने, 60/90 दिवस में निस्तारण योग्य प्रकरणों की समीक्षा एवं ई-साक्ष्य की प्रगति पर दिया विशेष जोर*
पुलिस अधीक्षक विकास सांगवान IPS द्वारा में कल दोपहर 2:00 बजे से देर शाम 8:00 बजे तक जिला कलेक्ट्रेट सभागार में जिले के समस्त वृत्ताधिकारियों एवं थानाधिकारियों की अपराध समीक्षा बैठक ली। बैठक में आगामी पंचायत राज चुनावों के मद्देनजर कानून-व्यवस्था बनाए रखने, लंबित प्रकरणों के समयबद्ध निस्तारण तथा अनुसंधान की गुणवत्ता में सुधार सहित विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तृत चर्चा कर आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए गए। बैठक में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक वैभव शर्मा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक एडीएफ बाड़ी श्रवण कुमार झोरड़, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हवा सिंह सहित जिले के समस्त वृत्ताधिकारी एवं थानाधिकारी उपस्थित रहे। पुलिस अधीक्षक श्री विकास सांगवान ने आगामी पंचायत राज चुनावों के संबंध में प्रत्येक थाना क्षेत्र की पंचायतवार स्थिति की समीक्षा करने पर जोर दिया। उन्होंने निर्देशित किया कि सभी थानाधिकारी अपने-अपने थाना क्षेत्र की प्रत्येक पंचायत की स्थिति का विस्तृत आकलन तैयार रखें। चुनाव के दौरान शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए संवेदनशील क्षेत्रों, आपसी रंजिश, संभावित विवादों तथा असामाजिक तत्वों की गतिविधियों पर विशेष निगरानी रखी जाए। क्षेत्र में शांति व्यवस्था प्रभावित करने वाले तत्वों को चिन्हित कर नियमानुसार आवश्यक निरोधात्मक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए, ताकि चुनाव प्रक्रिया निष्पक्ष, शांतिपूर्ण एवं भयमुक्त वातावरण में संपन्न हो सके। बैठक में 60 एवं 90 दिवस की समय-सीमा में निस्तारण योग्य प्रकरणों की समीक्षा पर विशेष जोर दिया गया। पुलिस अधीक्षक ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि ऐसे प्रकरणों की नियमित मॉनिटरिंग की जाए तथा अनावश्यक रूप से लंबित मामलों का प्राथमिकता से निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। अनुसंधान के दौरान साक्ष्य संकलन, आवश्यक दस्तावेजों की उपलब्धता एवं अन्य कानूनी प्रक्रियाओं को समय पर पूरा करते हुए प्रकरणों का गुणवत्तापूर्ण निस्तारण किया जाए। बैठक में ई-साक्ष्य की प्रगति की भी समीक्षा की गई। इस दौरान ऐसे प्रकरणों की सूची तैयार रखने पर जोर दिया गया, जिनमें ई-साक्ष्य तैयार नहीं किया गया है अथवा आवश्यक लिंकिंग की कार्रवाई शेष है। संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि ई-साक्ष्य से संबंधित कमियों को चिन्हित कर नियमानुसार दूर किया जाए तथा अनुसंधान के दौरान उपलब्ध तकनीकी संसाधनों का प्रभावी उपयोग सुनिश्चित किया जाए। इससे साक्ष्यों के संकलन एवं संधारण की प्रक्रिया को अधिक व्यवस्थित बनाया जा सकेगा।पुलिस अधीक्षक श्री विकास सांगवान ने सभी अधिकारियों को निर्देशित किया कि अपने-अपने क्षेत्र में अपराधों की रोकथाम, वांछित एवं फरार अपराधियों की धरपकड़ तथा आमजन की शिकायतों के त्वरित निस्तारण पर विशेष ध्यान दें। क्षेत्र में नियमित गश्त, प्रभावी निगरानी एवं पुलिस-जन संवाद को मजबूत रखते हुए आमजन में सुरक्षा की भावना विकसित की जाए। साथ ही, प्रत्येक अधिकारी अपने अधीनस्थ पुलिसकर्मियों के कार्यों की नियमित समीक्षा करे और प्रकरणों के अनुसंधान में गुणवत्ता एवं जवाबदेही सुनिश्चित करे। बैठक के अंत में पुलिस अधीक्षक ने सभी अधिकारियों को निर्देशित किया कि निर्धारित बिंदुओं पर की गई कार्रवाई की नियमित समीक्षा करते हुए समयबद्ध प्रगति सुनिश्चित करें। धौलपुर पुलिस आमजन की सुरक्षा, अपराध नियंत्रण तथा आगामी चुनावों के दौरान शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए प्रतिबद्ध है।
Dhaulpur, Dholpur | Oct 18, 2026