पात्र युवाओं एवं वंचित नागरिकों का मतदाता सूची में पंजीकरण सुनिश्चित करें – जिला कलक्टर
बीएलओ प्रशिक्षण में विशेष अभियान के तहत फॉर्म-6 भरवाने एवं मतदाता जागरूकता पर दिया जोर
धौलपुर, 17 अक्टूबर। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार युवा मतदाताओं तथा मतदाता सूची में नाम जुड़वाने से वंचित पात्र नागरिकों के पंजीकरण के लिए विशेष अभियान संचालित किया जा रहा है। जिला कलक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी श्रीनिधि बीटी के निर्देशन में आयोजित बीएलओ प्रशिक्षण के दौरान अभियान के प्रभावी क्रियान्वयन, फॉर्म-6 के माध्यम से नए मतदाताओं के पंजीकरण तथा मतदाता जागरूकता गतिविधियों को गति देने पर जोर दिया गया।
उन्होंने कहा कि बूथ लेवल अधिकारी अपने-अपने मतदान केंद्रों के क्षेत्र में पात्र युवाओं एवं अन्य नागरिकों को मतदाता पंजीकरण के प्रति जागरूक करें। विशेष रूप से 18 से 19 वर्ष आयु वर्ग के युवाओं को मतदाता सूची में नाम जुड़वाने के लिए प्रेरित किया जाए, ताकि वे लोकतांत्रिक प्रक्रिया में अपनी भागीदारी सुनिश्चित कर सकें।
उन्होंने निर्देश दिए कि विद्यालयों, महाविद्यालयों एवं अन्य शैक्षणिक संस्थानों के माध्यम से युवाओं तक पहुंच बनाकर उन्हें मतदाता पंजीकरण की प्रक्रिया की जानकारी दी जाए। साथ ही इलेक्टोरल लिटरेसी क्लब (ELC), स्वीप टीमों, बूथ लेवल अधिकारियों एवं निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों के बीच समन्वय स्थापित कर अभियान को प्रभावी बनाया जाए।
प्रशिक्षण में फॉर्म-6 के माध्यम से मतदाता सूची में नाम जुड़वाने की प्रक्रिया की जानकारी देते हुए पात्र नागरिकों के आवेदन प्राप्त करने तथा उनका नियमानुसार निस्तारण सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया। नागरिक भारत निर्वाचन आयोग के आधिकारिक पोर्टल voters.eci.gov.in अथवा ECINET के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। इसके अतिरिक्त संबंधित क्षेत्र के बूथ लेवल अधिकारी (BLO) के माध्यम से भी आवेदन किया जा सकता है।
उन्होंने कहा कि मतदाता सूची का शुद्धिकरण एवं पात्र नागरिकों का पंजीकरण निर्वाचन प्रक्रिया का महत्वपूर्ण हिस्सा है। सभी संबंधित अधिकारी एवं कार्मिक जिम्मेदारी के साथ कार्य करते हुए अभियान के उद्देश्यों की प्राप्ति सुनिश्चित करें, ताकि प्रत्येक पात्र नागरिक को मतदाता सूची में नाम दर्ज करवाने का अवसर मिल सके।