बड़ी खबर: बद्रीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग पर लामबगड़ के पास दो वाहनों की जोरदार भिड़ंत, आठ लोग घायल!!
चार घायलों को जोशीमठ किया रेफर, चार का जेपी अस्पताल में चल रहा उपचार!!
चमोली। बदरीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग पर लामबगड़ के पास गुरुवार शाम दो वाहनों की जोरदार भिड़ंत हो गई। हादसे में आठ लोग घायल हो गए। दुर्घटनाग्रस्त वाहनों में एक पिकअप शामिल है, जिसमें छह लोग सवार थे, जबकि राजस्थान नंबर की कार में दो लोग सवार थे।
टक्कर इतनी जोरदार थी कि मौके पर चीख-पुकार मच गई। सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची। स्थानीय लोगों और राहत टीम की मदद से सभी घायलों को वाहनों से बाहर निकालकर जेपी कंपनी के नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया।
प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर रूप से घायल चार लोगों को बेहतर उपचार के लिए जोशीमठ रेफर कर दिया गया, जबकि अन्य चार घायलों का जेपी अस्पताल में उपचार चल रहा है। पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर राहत एवं बचाव कार्य में जुटी रही। फिलहाल दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है।
Rudraprayag, Rudraprayag | Nov 6, 2026