समाहरणालय पूर्णिया,
जनसंपर्क कार्यालय,
प्रेस विज्ञप्ति:1450,
दिनांक 22/9/2026,
==================
जिलाधिकारी श्री अंशुल कुमार भा०प्र०से० के निर्देश पर सिविल सर्जन एवं DPM ने किया बायसी, बैसा, अमौर एवं डगरूआ स्वास्थ्य केंद्रों का औचक निरीक्षण:-
जिलाधिकारी श्री अंशुल कुमार (भा०प्र०से०) के निर्देश के आलोक में मंगलवार को सिविल सर्जन पूर्णिया डॉ. प्रमोद कुमार कनौजिया एवं जिला कार्यक्रम प्रबंधक (DPM), जिला स्वास्थ्य समिति पूर्णिया द्वारा संयुक्त रूप से बायसी CHC, बैसा CHC, अमौर रेफरल अस्पताल तथा डगरूआ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र का औचक निरीक्षण किया गया।
निरीक्षण क्रम में सबसे पहले अधिकारियों ने बायसी अनुमंडल CHC का जायजा लिया। इस दौरान लेबर रूम, पैथोलॉजी लैब, दवा भंडार (ड्रग स्टोर) तथा वर्तमान में संचालित 'एनीमिया मुक्त भारत' एवं 'NCD (गैर-संचारी रोग) कार्यक्रम' की प्रगति की गहन समीक्षा की गई। सिविल सर्जन ने प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी को CHC परिसर एवं भवन की साफ-सफाई पर विशेष ध्यान देने का कड़ा निर्देश दिया।
तत्पश्चात सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बैसा के निरीक्षण के दौरान प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी के अनुपस्थित पाए जाने पर सिविल सर्जन ने गहरा असंतोष एवं नाराजगी व्यक्त की।
निरीक्षण के दौरान लेबर रूम रजिस्टर की जांच की गई तथा उच्च जोखिम गर्भावस्था (HRP) वाली महिलाओं एवं प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व अभियान (PMSMA) के तहत दी जा रही सेवाओं की जानकारी ली गई। इसके साथ ही OPD एवं ड्रग स्टोर का जायजा लेते हुए सिविल सर्जन एवं DPM ने सभी CHO तथा ANM को अवधिसमाप्त (Expired) दवाओं का जल्द से जल्द नियमानुसार सुरक्षित निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
इसके अतिरिक्त अधिकारियों ने अमौर रेफरल अस्पताल तथा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र डगरूआ का भी दौरा किया। डगरूआ में निर्माणाधीन भवन के कार्य प्रगति का जायजा लिया गया तथा लेबर रूम एवं परिवार नियोजन (Family Planning) ऑपरेशनों से संबंधित अद्यतन स्थिति की समीक्षा की गई।
सिविल सर्जन ने स्पष्ट किया कि स्वास्थ्य सेवाओं में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी तथा आमजन को बेहतर एवं गुणवत्तापूर्ण चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिकता है।
Purnia, Bihar | Sep 22, 2026