रक्षाबंधन पर पाठशाला कार्यक्रम, महादलित टोला के बच्चों के बीच बांटी गई कॉपी-कलम।
शेखपुरा में रक्षाबंधन के अवसर पर अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद एवं जिला पुलिस प्रशासन के संयुक्त तत्वावधान में गिरिहिंदा मुसहरी महादलित टोला स्थित सामुदायिक भवन में पाठशाला कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में छोटे-छोटे बच्चों को शिक्षा के प्रति जागरूक किया गया।
कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक हिमांशु कुमार, ASP डॉ. राकेश कुमार, टाउन थाना अध्यक्ष धर्मेंद्र कुमार के अलावा ABVP की ओर से आकाश कश्यप, रोहित कुमार, प्रशांत कुमार, बबन कुमार सहित अन्य लोग मौजूद रहे।
इस दौरान पुलिस अधीक्षक हिमांशु कुमार ने बच्चों के बीच कॉपी और कलम का वितरण किया। उन्होंने बच्चों से पढ़ाई को लेकर बातचीत करते हुए उन्हें नियमित रूप से विद्यालय जाने और मन लगाकर पढ़ाई करने के लिए प्रेरित किया।
पुलिस अधीक्षक हिमांशु कुमार ने कहा कि मेरे लिए सभी बच्चे एक समान हैं। उन्होंने कहा कि महादलित टोला में अभी भी कई बच्चे शिक्षा से दूर हैं, लेकिन उन्हें शिक्षा की मुख्यधारा से जोड़ने के लिए जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन की ओर से लगातार पहल की जा रही है। सरकार भी लगातार शिक्षा को लेकर जागरूक कर रही है। ऐसे कार्यक्रमों के माध्यम से बच्चों में पढ़ाई के प्रति रुचि पैदा करने और उनके भविष्य को बेहतर बनाने का प्रयास किया जा रहा है।
कार्यक्रम के दौरान बच्चों के चेहरे पर खुशी देखने को मिली। स्थानीय लोगों ने पुलिस प्रशासन और ABVP की इस पहल की सराहना की।
Sheikhpura, Sheikhpura | Aug 28, 2026